मारपीट में आठ महिला सहित 20 लोग घायल
जिले में हुई अलग-अलग घटनाओं में आठ महिला सहित 20 लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया गया।
गोपालगंज : जिले में हुई अलग-अलग घटनाओं में आठ महिला सहित 20 लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया गया। घायल लोगों को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि मीरगंज थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों ने हमला कर एक ही परिवार के पांच लोगों को घायल कर दिया। घायल जगलाल राम के अलावा उनकी पुत्री सरिता कुमारी, आरती कुमारी, अंजु कुमारी तथा पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में थाने में मनोज राम सहित नौ लोगों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मीरगंज नगर के गणेश सिनेमा पथ में आपसी विवाद में कुछ लोगों ने अनिल प्रसाद तथा उनके भाई विनोद प्रसाद को मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में राजू कुमार सहित तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मांझा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में रघुनाथ महतो, योगेंद्र महतो, विद्यावती देवी तथा रामावती देवी घायल हो गए। मांझा थाना के श्रीरामपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में एक पक्ष से गुराजी साह, जनार्दन साह तथा संतोषी देवी एवं दूसरे पक्ष से शर्मिला देवी तथा राहुल कुमार घायल हो गए। इन घटनाओं को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।