राजेंद्र नगर में भूमि विवाद में चिकित्सक के घर पर पथराव
शहर के राजेंद्र नगर में भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने चाहरदीवारी तोड़कर एक चिकित्सक के घर पर पथराव
जागरण संवाददाता,गोपालगंज : शहर के राजेंद्र नगर में भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने चाहरदीवारी तोड़कर एक चिकित्सक के घर पर पथराव किया। हालांकि इस पथराव में कोई घायल नहीं हुआ। इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल किया। चिकित्सक के घर पर पथराव करने वालों की तस्वीर चिकित्सक के घर के दरवाजे के पास लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर आरोपितों पहचान करने में जुट गई है।
बताया जाता है कि राजेंद्र नगर निवासी डॉक्टर मनोज मिश्रा का अपने पड़ोस में रहने वाले चंद्रप्रकाश कुशवाहा के पुत्र मनोज सिंह कुशवाहा से जमीन संबंधित विवाद चल रहा है। चिकित्सक ने अपने घर के पास स्थित विवादित जमीन की चाहरदीवारी भी कराया है। भूमि विवाद का यह मामला अभी कोर्ट में चल रहा है। इस बीच गुरुवार की रात आठ से दस की संख्या में कुछ लोग चिकित्सक के घर पर पहुंच गए तथा विवादित जमीन पर की गई चाहरदीवारी को तोड़कर चिकित्सक के घर पर पथराव करने लगे। हालांकि इस पथराव में कोई घायल नहीं हुई। बताया जाता है कि घर पर पथराव होने पर चिकित्सक ने इसकी सूचना फोन कर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी को दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल किया। बताया जाता है कि चिकित्सक के घर के दरवाजे के पास लगाए गए सीसी कैमरे में इस घटना की तस्वीर कैद हो गई है। पुलिस सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर पथराव करने वालो की पहचान कर रही है।