दिखाने की वस्तु साबित हो रहा सोलर सिस्टम
गोपालगंज। खेतों की सिंचाई की नेक नियति से प्रखंड के भृंगीचक गांव में स्थापित सोलर सिस्टम
गोपालगंज। खेतों की सिंचाई की नेक नियति से प्रखंड के भृंगीचक गांव में स्थापित सोलर सिस्टम दिखाने की वस्तु साबित हो रही है। लाखों की लागत से कृषि विभाग द्वारा लगाया गया सोलर पंप चार माह से खराब पड़ा है। ऐसे में इसका लाभ किसान खरीफ अभियान के दौरान नहीं उठा सके। हद तो यह कि अबतक इसे दुरुस्त तक नहीं किया गया है। ऐसे में किसानों को रबी अभियान के दौरान भी इसका लाभ नहीं मिलने की संभावना बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रखंड के सेमरिया पंचातय के भृंगीचक गांव में किसान रंजन कुमार सिंह को कृषि विभाग द्वारा 2012-13 में अनुदानित दर पर सोलर पंप उपलब्ध कराया गया था। जिससे उक्त क्षेत्र के लगभग दो दर्जन किसानों के खेतों की सिंचाई आसानी से होती थी। प्रगतिशील किसान रंजन कुमार सिंह ने बताया कि सोलर पंप से काफी किसानों को फायदा होता था। फसल की समय से सिंचाई का काम होता था। लेकिन चार माह से यह सोलर पंप खराब हो गया है। ऐसे में किसानों के समक्ष खेतों की सिंचाई की समस्या पैदा हो गयी है। किसानों ने बताया कि इसके खराब होने के कारण धान की भी सिंचाई नहीं हो सकी थी। और इसकी वर्तमान दशा को देखते हुए गेहूं की भी सिंचाई नहीं हो सकेगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बाद संबंधित विभाग को आवेदन भी दिया गया है। लेकिन अबतक सोलर सिस्टम को दुरुस्त नहीं किया जा सका है।