भूमि विवाद में एक ही परिवार के छह लोग घायल
फुलवरिया थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार में भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने हमला कर एक ही परिवार के छह लोगों को घायल कर दिया।
गोपालगंज। फुलवरिया थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार में भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने हमला कर एक ही परिवार के छह लोगों को घायल कर दिया। घायल लोगों को इलाज के लिए आसपास के लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार बथुआ बाजार में रेहाना खातून की जमीन पर कुछ लोग जबरन मकान का निर्माण कराने का प्रयास कर रहे थे। इस बात की जानकारी होने के बाद रेहाना खातून मौके पर पहुंच गई तथा उन्हें जबरन निर्माण कार्य कराने से रोकने लगी। इसी बात को लेकर शुरू हुए विवाद में छोटू आलम तथा उनके साथ आए लोगों ने महिला की पिटाई शुरू कर दी। रेहाना खातून को बचाने के लिए जब उनके परिवार के साहेब हुसैन, अली हुसैन, सगीर आलम, गोल्डेन आलम तथा सोनू आलम पहुंचे तो उन्हें भी मारपीट कर घायल करने के बाद हमलावर भाग निकलने में सफल हो गए। आसपास के लोगों ने घायल लोगों को इलाज के लिए फुलवरिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल लोगों की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।