यादोपुर चौक पर रावण का पुतला दहन, उमड़ी भीड़
जिले में मंगलवार को विजयादशमी धूमधाम से मनाई गई। बुराई पर अच्छाई की विजय के इस उत्सव में हजारों लोग शामिल हुए। नगर के जादोपुर चौक पर रावण के पुतला दहन के पूर्व भगवान राम लक्ष्मण की आरती की गई।
गोपालगंज : जिले में मंगलवार को विजयादशमी धूमधाम से मनाई गई। बुराई पर अच्छाई की विजय के इस उत्सव में हजारों लोग शामिल हुए। नगर के जादोपुर चौक पर रावण के पुतला दहन के पूर्व भगवान राम, लक्ष्मण की आरती की गई। भगवान राम के बाण से जब रावण का वध हुआ तो मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाई। इसके पूर्व नगर के जादोपुर चौक पर भ्रष्टाचार व गंदगी का पुतला बनाकर उसे रावण का रूप दिया गया था। इस मौके पर लोगों ने भ्रष्टाचार व गंदगी को रावण की तरह समाप्त करने का संकल्प लिया। इस साल रावण का जो पुतला बनाया गया था, वह तीस फीट ऊंचा था। इसके पूर्व रावण के पुतला दहन के मौके पर जन सैलाब उमड़ पड़ा। रावण वध के कार्यक्रम को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा गया। शाम के साढ़े पांच बजे से ही लोग जादोपुर चौक पर जमा होने लगे। ताकि वे इस रावण वध कार्यक्रम को देख सकें। राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 28 पर होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी। पुतला दहन के आधा घंटा पूर्व से ही प्रशासन ने राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया था। निर्धारित समय पर पुतला दहन के समय जादोपुर चौक पर पुतला दहन कार्यक्रम को आयोजित करने वाले समिति के लोगों के अलावा प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुतला दहन के दौरान उपस्थित लोगों ने रावण के पुतले से उठती आग की लपटों को पूरे आनंद के साथ देखा। इस मौके पर सदर एसडीओ सदर उपेंद्र कुमार पाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। सुरक्षा का दिखा पुख्ता इंतजाम
पुतला दहन कार्यक्रम में लोगों की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। शाम के पांच बजे से ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद थे। ताकि वे भीड़ पर नियंत्रण पा सकें। पुतला दहन कार्यक्रम के पूर्व ही छोटे-बड़े हर तरह के वाहन का परिचालन आसपास के इलाकों में रोक दिया गया। ताकि किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो सके। इस कार्यक्रम को देखते हुए करीब एक घंटे तक आसपास के इलाके में बिजली की आपूर्ति भी एहतियात के तौर पर रोक दी गई।