बिना मास्क घूम रहे 24 लोगों से वसूला गया जुर्माना
शहर के मौनिया चौक पर मंगलवार को बिना मास्क के घूम रहे 24 लोगों को पकड़ कर सदर सीओ ने उनसे 50-50 रुपये जुर्माना वसूला।
जागरण संचाददाता, गोपालगंज : शहर के मौनिया चौक पर मंगलवार को बिना मास्क के घूम रहे 24 लोगों को पकड़ कर सदर सीओ ने उनसे 50-50 रुपये जुर्माना वसूला। इस दौरान जुर्माना की राशि लेने के बाद सीओ ने सभी लोगों को मास्क देकर कोरोना से बचने की सलाह भी दिया। लॉकडाउन से छूट मिलने के बाद शहर में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लोग बिना मास्क पहने खरीदारी करने शहर के बाजारों में पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी शहर में लोगों की भीड़ उमड़ी थी। इस बीच डीएम अरशद अजीज को किसी ने सूचना दिया कि लोग बिना मास्क पहने शहर में घूम रहे हैं। इस सूचना पर डीएम ने सीओ को शहर में मास्क जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर पुलिस के साथ सीओ विजय कुमार सिंह ने शहर में मास्क जांच अभियान चलाया। इस दौरान मौनिया चौक पर बिना मास्क पहने घूम रहे 24 लोगों को पकड़ कर उनसे जुर्माना वसूला गया। जुर्माना वसूलने के बाद इन लोगों को मास्क देकर मास्क पहन कर ही निकलने की सलाह दी गई।