गैस सिलेंडर फटने से 16 झुलसे, 4 की हालत गंभीर
बिहार के गोपालगंज जिले में गैस सिलेंडर ब्लासट करने से करीब 15 लोग जख्मी हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
गोपालगंज [जेएनएन]। रविवार को बिहार के गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के हरखौली वार्ड संख्या 2 में रविवार की सुबह खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलिंडर से रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। जिससे 16 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को प्रशासन के सहयोग से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार लोगों की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बताया जाता है कि हरखौली वार्ड संख्या दो निवासी इंदेश राम को दो दिन पूर्व उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस का कनेक्शन मिला था। रविवार को इंदेश राम की पुत्री रूबी कुमारी ने चूल्हा जलाने के लिए गैस सिलिंडर को चालू किया तो सिलिंडर से रिसाव के कारण अचानक आग लग गई।
रूबी कुछ समझ पाती आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बेटी को बचाने गए इंदेश राम भी झुलस गए। उन लोगों को बचाने पहुंचे पड़ोसी जगदीश राम, संदीप कुमार राम, अमोद राम, नितेश कुमार, बबलू राम, मंजुला देवी, निर्मल राम, रामप्रवेश मांझी, सुगांती देवी, पुतुल देवी, कमलावती देवी, रमावती देवी व काशी राम भी बुरी तरह से झुलस गए। झुलसी रूबी कुमारी, रमावती देवी, इंदेश राम व सुगांती देवी की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया।