आदर्श आचार संहिता उल्लंघन में फंसे सांसद
गोपालगंज। नवोदय विद्यालय में शनिवार को 19वीं राष्ट्रीय युवा संसद आयोजित करना विद्यालय के प्राचार्य
गोपालगंज। नवोदय विद्यालय में शनिवार को 19वीं राष्ट्रीय युवा संसद आयोजित करना विद्यालय के प्राचार्य, इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद जनक राम सहित सौ लोगों को भारी पड़ गया। स्कूल परिसर में आयोजित नवोदय विद्यालय के इस कार्यक्रम को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मानते हुए एसडीओ हथुआ मनोज राम के आदेश पर सीओ अशोक शर्मा ने रविवार को सांसद जनक राम, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य तारकेश्वर नाथ सहित सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। हालांकि प्राथमिक दर्ज कराने को लेकर सांसद जनक राम ने प्रशासन के तौर तरीके पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। शनिवार को नवोदय विद्यालय बलेसरा मे 19 वीं राष्ट्रीय युवा संसद कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसमें सांसद जनक राम मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित थे। इस कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री सहित अन्य मंत्रियों तथा सांसद की भूमिका निभाई थी। इस दौरान सांसद की भूमिका में बच्चों ने देश व जिले के ज्वलंत मुद्दों पर सवाल उठाते हुए अपने अपने विचार रखे थे। इस बीच अखबारों में इस कार्यक्रम की खबर छपने के बाद एसडीओ हथुआ मनोज राम ने इस कार्यक्रम को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए सीओ अशोक शर्मा को प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया। एसडीओ से आदेश मिलने के बाद रविवार को सीओ ने थाना में सांसद जनक राम, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य तारकेश्वर नाथ शर्मा सहित सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी। जिसमें यह आरोप लगाया गया है कि सक्षम पदाधिकारी से अनुमति लिये बिना मंच बना कर माइक व लाउड स्पीकर का प्रयोग किया गया है। यह भी आरोप लगाया गया है कि सांसद ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया था। वहीं आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज कराने की जानकारी मिलने पर सांसद जनक राम ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि युवा संसद नवोदय विद्यालय का अपना कार्यक्रम था। बच्चों के विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम नवोदय विद्यालय में आयोजित होते रहे हैं। सांसद के नाते मुझे उस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था और मुख्य अतिथि के रूप में ही मैने बच्चों को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि नवोदय सहित सभी विद्यालयों में प्रति दिन हजारों बच्चों पढ़ने जाते हैं। वहां एक साथ बच्चे प्रार्थना सभा करते हैं और इस दौरान माइक का भी उपयोग होता है। क्या प्रशासन सभी विद्यालयों के प्राचार्य और बच्चों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज कराएगा। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय में आयोजित बच्चों के कार्यक्रम को लेकर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज कराना प्रशासन के कार्य प्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को मुख्य चुनाव आयोग को पत्र भेज अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।
दो माले नेता सहित 50 अज्ञात पर भी प्राथमिकी
कुचायकोट(गोपालगंज): चाकू बाजी में घायल एक युवक की मौत होने के बाद शनिवार को सासामुसा बाजार के समीप एनएच 28 जाम कर प्रदर्शन करने के मामले में सीओ अमित कुमार ने माले नेता रीना शर्मा, उनके पति योगेंद्र शर्मा सहित 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने की प्राथमिकी दर्ज करायी है। बताया जाता कि चाकू बाजी में घायल मनियारा ंबंगरी गांव निवासी मुन्ना आलम की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। जिससे आक्रोशित माले कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मृतक के शव को सासामुसा बाजार के समीप एनएच 28 पर रख कर सड़क जाम कर दिया था। बिना अनुमति लिए प्रदर्शन करने तथा एनएच जाम करने को लेकर सीओ अमित रंजन ने थाना में रीना शर्मा, योगेंद्र शर्मा सहित पचास अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी। जिसमें आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष पर भी प्राथमिकी दर्ज
कुचायकोट(गोपालगंज): प्रखंड के सासामुसा बाजार के समीप एनएच 28 के अर्द्ध निर्मित ओवर ब्रिज पर अबकी बार भाजपा सरकार का स्लोगन लिखे जाने के मामले में सीओ ने भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रहानंद राय पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है। वहीं गरीब जनता दल के जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह पर भी आदर्श आचार संहिता उल्लंघन को लेकर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि महम्मदपुर ओवर ब्रिज पर गरीब जनता दल का बैनर व पोस्टर लगाया गया है।