गोपालगंज। प्रखंड के पटखौली स्थित बुढि़या माई मंदिर के प्रांगण मे चल रहे सहस्त्र चंडी महायज्ञ के दौरान रविवार को दो गरीब लड़कियों का सामूहिक विवाह यज्ञ समिति की ओर से किया गया। दोनों लड़कियों के माता-पिता एवं भाई की पूर्व मे ही मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में इनकी शादी गरीबी के कारण नहीं हो पा रही थी। गरीब परिवार की लड़कियों की शादी में कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सहस्त्र चंडी महायज्ञ के छठे दिन रविवार को आयोजन समिति की ओर से पटखौली पंचायत के रसौती निवासी स्व. शिवपूजन ठाकुर की पुत्री मंजिया कुमारी की शादी उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के महजिदिया निवासी धनंजय ठाकुर से संपन्न कराया। इसी प्रकार सीमा कुमारी की शादी फुलवरिया थाना क्षेत्र के खैरटिया निवासी रज्जेय ठाकुर के साथ संपन्न कराया गया। इस शादी समारोह के दौरान यज्ञ स्थल पर मौजूद आचार्य पंडित ददन धर द्विवेदी, शत्रुघ्न शुक्ल आदि ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह का कार्य संपन्न कराया। इस सामूहिक विवाह में विधान पार्षद आदित्य नारायण पांडेय, प्रखंड प्रमुख माधुरी मिश्रा के पति आनंद मिश्रा, जिला पार्षद नीरज कुमार ¨सह उर्फ मुकुल राय, सुरेंद्र पाठक विपिन कुमार राय सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।

Edited By: Jagran