मार्च निकाल अर्द्धसैनिक बलों ने दिलाया सुरक्षा का भरोसा
विधानसभा चुनाव को लेकर किए गए सुरक्षा व्यवस्था का लोगों को भरोसा दिलाने के लिए अब पुलिस अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ जिले के सभी प्रखंडों में फ्लैग मार्च निकाल रही है। इसी सिलसिले में सोमवार को थावे तथा फुलवरिया प्रखंड में अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ पुलिस ने फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
गोपालगंज : विधानसभा चुनाव को लेकर किए गए सुरक्षा व्यवस्था का लोगों को भरोसा दिलाने के लिए अब पुलिस अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ जिले के सभी प्रखंडों में फ्लैग मार्च निकाल रही है। इसी सिलसिले में सोमवार को थावे तथा फुलवरिया प्रखंड में अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ पुलिस ने फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। थानाध्यक्ष विशाल आनंद तथा एसआइ शैलेंद्र कुमार पप्पू के नेतृत्व में थावे थाना परिसर से निकला फ्लैग मार्च दुर्गामंदिर गोलंबर चौक, थावे बस स्टैंड, थावे बाजार, स्टेशन रोड, बेदुटोला, गजाधर टोला, थावे दुर्गा मंदिर परिसर से होते हुए धतीवना तथा रामचंद्रपुर से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस लोगों को बिना भय के तीन नवंबर को हर हाल में मतदान करने के लिए प्रेरित करती रही। वहीं दूसरी तरफ फुलवरिया प्रखंड मुख्यालय में पुलिस ने आइटीबीपी के जवानों के साथ फ्लैग मार्च निकाला। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च बथुआ बाजार से लेकर आसपास के गांवों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए बिना भय के मतदान करने का संदेश दिया।