जांच में अनुपस्थित मिले कई शिक्षक, जवाब तलब
गोपालगंज प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ललन सिंह चौहान ने प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में विद्यालयों में गड़बड़ी उजागर हुई।
गोपालगंज : प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ललन सिंह चौहान ने प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में विद्यालयों में गड़बड़ी उजागर हुई। इस बीच कई शिक्षक विद्यालयों से अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित मिले शिक्षकों से बीइओ ने 24 घंटे के अंदर जवाब तलब किया है। निर्धारित अवधि के अंदर स्पष्टीकरण नहीं देने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी बीइओ ने जारी किया है।
जानकारी के अनुसार बीइओ ने प्रखंड के पूर्वी हिस्से में स्थित कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। बीईओ ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय सल्लेहपुर के निरीक्षण के दौरान पाया कि विद्यालय में कुल दस शिक्षकों की तैनाती की गई है। जबकि विद्यालय में निरीक्षण के समय मात्र आठ बच्चे ही मौजूद मिले। विद्यालय में बच्चों के इतनी कम संख्या देख बीइओ भड़क गए। उन्होंने प्रधानाध्यापक से जब इस बारे में जवाब तलब किया तो प्रधानाध्यापक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वही संकुल संसाधन केंद्र विनोद मटिहिनिया के जांच के दौरान मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों में कई शिक्षक बगैर किसी पूर्व की सूचना के अनुपस्थित पाए गए। प्रखंड के जमुनिया विद्यालय के निरीक्षण में भी बीइओ को कई अनियमितताएं मिली। बीइओ ने जांच किए गए विद्यालय के प्रधानाध्यापकों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा है। बीइओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां पाई गई है, उसको लेकर प्रधानाध्यापक का जवाब मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।