विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत, 3 गंभीर रूप से झुलसे

Published: Sat, 05 Sep 2026 11:04 PM (GMT+05:30)

गोपालगंज के राजवाही गांव में खेत से लौट रहे चार कामगार आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।

लोगों की लगी भीड़। (जागरण)

लोगों की लगी भीड़। (जागरण)

HighLights

  1. गोपालगंज के राजवाही गांव में आकाशीय बिजली का कहर।

  2. खेत से लौट रहे चार कामगार हुए हादसे का शिकार।

  3. एक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के राजवाही गांव में शनिवार की शाम खेत में काम करने के बाद घर लौट रहे चार कामगार आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।

हादसे में एक कामगार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे कामगारों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, राजवाही गांव निवासी जंग बहादुर भगत के पुत्र आत्मा कुमार भगत, ध्रुप यादव, राहुल भगत व शंभू भगत शनिवार को दियारा इलाके में स्थित अपने खेत में काम करने गए थे।

आकाशीय बिजली की चपेट में आए 4 लोग

दिनभर खेत में काम करने के बाद चारों कामगार शाम के समय हल्की वर्षा के बीच घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और चारों इसकी चपेट में आ गए।

आकाशीय बिजली गिरने की घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर पहुंची। लोगों ने देखा कि आत्मा कुमार भगत की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, ध्रुप यादव, राहुल भगत और शंभू भगत झुलसी अवस्था में पड़े थे।

ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद जादोपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- बिहार में कैसा रहेगा कल का मौसम? कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी