जदयू प्रदेश सचिव को शराब पीने की दोहरी सजा...पहले पुलिस ने किया गिरफ्तार; अब पार्टी ने 6 साल के लिए निकाला
बिहार में नीतीश सरकार ने शराबबंदी कानून लागू किया है लेकिन उनकी ही पार्टी के नेता संजय चौहान शराब के नशे में गिरफ्तार किए गए हैं। ऐसे में जदयू नेता बैठे बिठाए विपक्ष को एक मुद्दा पकड़ा दिया है।
HighLights
- शराब को लेकर गोपालगंज पुलिस ने मीरगंज में की कार्रवाई।
- छापेमारी में नीतीश की पार्टी के नेता को किया गिरफ्तार।
- न्यायालय में जुर्माना राशि जमा करने के बाद छोड़ा गया।
संवाद सूत्र, मीरगंज (गोपालगंज) : गोपालगंज पुलिस की एंटी टास्क लिकर फोर्स (ALTF) ने बुधवार शाम शराब के नशे में मीरगंज थाना क्षेत्र के पेउली निवासी जदयू नेता संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मीरगंज थाना क्षेत्र के एकदंगा तीनमुहानी पर की गई। खबर मीडिया आने के बाद संजय चौहान को छह साल के पार्टी से बर्खास्त कर दिया गया है।
जदयू नेता संजय चौहान को गिरफ्तार करने के बाद गुरुवार को उत्पाद न्यायालय में पेश किया गया, वहां जुर्माना राशि जमा करने के बाद छोड़ दिया गया। बिहार में नीतीश सरकार ने शराबबंदी कानून लागू किया है, लेकिन उनकी ही पार्टी के नेता शराब के नशे में गिरफ्तार किए गए हैं।
इस बात को विपक्ष मुद्दा बना सकता था। इससे पहले ही जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने एक पत्र जारी कर संजय चौहान पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।
पत्र के मुताबिक, आप पार्टी विरोधी कार्य में संलिप्त पाए गए हैं। इसलिए तत्काल प्रभाव से आपको पदमुक्त कर प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त किया जाता है। साथ ही आपको छह साल के लिए पार्टी से निकाला भी जाता है।
क्या था मामला?
मीरगंज थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि एएलटीएफ की मीरगंज थाना क्षेत्र के एकदंगा तीनमुहानी पर छापेमारी कर रही थी। इस दौरान, टीम ने उत्तर प्रदेश में शराब पीकर लौट रहे संजय चौहान को दबोच लिया। टीम ने गिरफ्तार आरोपित को आगे की कार्रवाई के लिए मीरगंज पुलिस को सौंप दिया। मीरगंज पुलिस ने संजय चौहान को उत्पाद न्यायालय में प्रस्तुत किया। वहां से आरोपित को जुर्माना कर छोड़ दिया गया।
सूत्रों की मानें तो मीडिया को देख कर संजय चौहान ने न्यायालय जाने के क्रम में अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह को ढक लिया। इस दौरान चौकीदार संजय चौहान का सहयोग करते नजर आए।
जदयू जिलाध्यक्ष आदित्य शंकर शाही ने फोन पर बताया कि संजय चौहान जदयू के प्रदेश सचिव हैं। वे पहले गोपालगंज के जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्हें मीडिया से संजय चौहान की गिरफ्तारी की सूचना मिली है। उधर, एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गिरफ्तार संजय चौहान किस पार्टी के हैं, यह नहीं पता है।