विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इग्नू एडमिशन 2026: जुलाई सत्र के लिए बढ़ी आवेदन की तारीख, 15 सितंबर तक करें अप्लाई

Published: Tue, 01 Sep 2026 05:40 PM (IST)

इग्नू ने जुलाई 2026 सत्र में नए दाखिले की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक बढ़ा दी है, जिससे इच्छुक विद्यार्थी ...और पढ़ें

इग्नू दाखिला तिथि बढ़ी, अब 15 सितंबर तक करें आवेदन (AI Generated Image)

इग्नू दाखिला तिथि बढ़ी, अब 15 सितंबर तक करें आवेदन (AI Generated Image)

HighLights

  1. इग्नू दाखिले की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक बढ़ी।

  2. जुलाई 2026 सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करें।

  3. गोपालगंज में दो केंद्रों पर उपलब्ध हैं पाठ्यक्रम।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र में नए दाखिले की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। अब इच्छुक विद्यार्थी 15 सितंबर तक नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय की ओर से यह सुविधा ओडीएल और ऑनलाइन कार्यक्रमों के लिए दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू के समर्थ एडमिशन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान विद्यार्थी अपनी पसंद के कार्यक्रम, क्षेत्रीय केंद्र और अध्ययन केंद्र का चयन कर सकेंगे।

बता दें कि विश्वविद्यालय की ओर से जुलाई 2026 सत्र के लिए फ्रेश एडमिशन की प्रक्रिया 25 मई से शुरू की गई थी। इसके बाद आवेदन की अंतिम तिथि कई बार बढ़ाई गई।

पहले 16 अगस्त और फिर 31 अगस्त तक आवेदन का मौका दिया गया था। अब विद्यार्थियों को एक बार फिर 15 सितंबर तक आवेदन करने का अवसर मिला है।

गोपालगंज में दो स्टडी सेंटर से कर सकेंगे पढ़ाई

गोपालगंज जिले में इग्नू के दो अध्ययन केंद्र संचालित हैं। शहर स्थित कमला राय कॉलेज तथा कुचायकोट प्रखंड के नेचुआ जलालपुर स्थित एसएमडी कॉलेज में इग्नू का स्टडी सेंटर है।

इन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थी इग्नू के विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा व अन्य अधिसूचित पाठ्यक्रमों में नामांकन लेकर पढ़ाई कर सकते हैं।

समर्थ पोर्टल से करना होगा आवेदन

नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को इग्नू के एडमिशन पोर्टल पर जाकर न्यू रजिस्ट्रेशन करना होगा। पंजीकरण के बाद यूजरनेम व पासवर्ड से लॉगिन कर व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। इसके बाद पसंदीदा कार्यक्रम, क्षेत्रीय केंद्र व अध्ययन केंद्र का चयन करना होगा।

आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद ऑनलाइन शुल्क जमा कर आवेदन को अंतिम रूप देना होगा। आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थी को कन्फर्मेशन की प्रति सुरक्षित रख लेना होगा।