IGNOU जुलाई 2026 सत्र: एडमिशन की डेट 31 अगस्त तक बढ़ी, घर बैठे समर्थ पोर्टल से ऐसे करें अप्लाई
इग्नू ने जुलाई 2026 सत्र के लिए ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ा दी है, जिससे इच्छुक ...और पढ़ें

इग्नू में एडमिशन के लिए अब 31 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
HighLights
इग्नू नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ी।
जुलाई 2026 सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करें।
गोपालगंज में दो इग्नू अध्ययन केंद्र उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। ओपन और डिस्टेंस मोड में उच्च शिक्षा ग्रहण करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि फिर बढ़ा दी है।
अब इच्छुक विद्यार्थी 31 अगस्त तक विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन नामांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू के समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपनी पसंद के कार्यक्रम, क्षेत्रीय केंद्र और अध्ययन केंद्र का चयन करते हुए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जुलाई 2026 सत्र में नामांकन की प्रक्रिया 25 मई से शुरू की गई थी। इसकी अंतिम तिथि पहले 16 अगस्त निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया गया है।
गोपालगंज के दो कॉलेजों में इग्नू का स्टडी सेंटर
गोपालगंज में इग्नू के दो स्टडी सेंटर संचालित हैं। शहर के कमला राय कॉलेज तथा कुचायकोट प्रखंड के नेचुआ जलालपुर स्थित एसएमडी कॉलेज में अध्ययन केंद्र है।
यहां से बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम, बीलिब, बीसीए, एमसीए और एमबीए समेत 150 से अधिक डिग्री, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट कोर्स में नामांकन लिया जा सकता है।
ऐसे करना है ऑनलाइन आवेदन
सबसे पहले इग्नू के आधिकारिक समर्थ पोर्टल (https://ignou.samarth.edu.in/index.php/site/login) पर जाकर न्यू रजिस्ट्रेशन पर क्लिक कर यूजरनेम और पासवर्ड बनाना होगा।
इसके बाद लॉगिन कर निजी जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अपार आईडी दर्ज करनी होगी। फिर पसंदीदा कोर्स, क्षेत्रीय केंद्र और स्टडी सेंटर का चयन करना होगा।
इसके बाद निर्धारित साइज में फोटो, हस्ताक्षर और मार्कशीट स्कैन कर अपलोड करनी होगी। आवेदन पत्र को अच्छी तरह जांचने के बाद नेट बैंकिंग, कार्ड या यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करना होगा। अंत में कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखना होगा।
