गोपालगंज में विदेश भेजने के नाम पर 250 लोगों से ठगी, 3 करोड़ से अधिक वसूली का आरोप
गोपालगंज में विदेश भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर करीब 250 लोगों से 3 करोड़ रुपये से अधिक की ...और पढ़ें

गोपालगंज में विदेश भेजने के नाम पर 250 लोगों से ठगी, 3 करोड़ से अधिक वसूली का आरोप
HighLights
विदेश भेजने के नाम पर 250 लोगों से ठगी।
अमारा ग्लोबल सर्विस पर 3 करोड़ से अधिक की वसूली का आरोप।
पीड़ितों ने गोपालगंज नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। विदेश भेजने व वीजा उपलब्ध कराने के नाम पर करीब 250 लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि शहर के जादोपुर रोड स्थित होटल कैलाश के समीप एक भवन में संचालित अमारा ग्लोबल सर्विस के माध्यम से विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे रुपये वसूले गए।
ठगी की कुल रकम तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही वास्तविक राशि और पीड़ितों की संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
पीड़ितों के अनुसार, एजेंसी की ओर से विदेश भेजने का भरोसा दिलाकर उनसे अलग-अलग रकम ली गई। काफी समय बीतने के बाद जब लोगों ने वीजा के संबंध में जानकारी मांगी तो एजेंट ने उन्हें दिल्ली बुलाया।
आरोप है कि पीड़ितों के दिल्ली पहुंचते ही एजेंट ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इसके बाद गोपालगंज शहर स्थित कार्यालय भी बंद मिला।
कार्यालय बंद कर कर्मियों के फरार होने की जानकारी मिलने पर लोगों को अपने साथ ठगी होने की आशंका हुई। इसके बाद शहर के विभिन्न मोहल्लों के साथ ही दूसरे स्थानों से आए पीड़ित एजेंसी के कार्यालय के पास जुट गए।
लोगों ने वहां हंगामा करते हुए रुपये वापस दिलाने की मांग की। पीड़ितों का कहना था कि उन्होंने विदेश जाने की उम्मीद में अपनी जमा-पूंजी एजेंसी को दी थी। अब एजेंट के संपर्क से बाहर होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मामले के बाद पीड़ित नगर थाना पहुंचे और कथित एजेंट के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस से रुपये वापस दिलाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने पीड़ितों को मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
