विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिग्नेचर रोड से सेल्फी प्वाइंट तक... गोपालगंज की बदलेगी सूरत, 66 योजनाओं का ब्लूप्रिंट तैयार

Published: Wed, 16 Sep 2026 02:23 PM (IST)

गोपालगंज नगर परिषद ने शहर को सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए 'सबका सम्मान-जीवन आसान' थीम पर 66 विकास योजनाओं का खाका तैयार किया है।

गोपालगंज की बदलेगी सूरत, 66 योजनाओं का ब्लूप्रिंट तैयारी (जागरण)

गोपालगंज की बदलेगी सूरत, 66 योजनाओं का ब्लूप्रिंट तैयारी (जागरण)

HighLights

  1. शहर में सिग्नेचर रोड और चौराहों का सौंदर्यीकरण होगा।

  2. पांच प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे।

  3. जलजमाव निवारण और 15 नए बस शेल्टर बनेंगे।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। अब शहर केवल सड़कों और मकानों का विस्तार नहीं, बल्कि सुविधाओं और आकर्षण के नए रूप में नजर आएगा। गोपालगंज नगर परिषद ने शहर की तस्वीर बदलने के लिए सबका सम्मान-जीवन आसान थीम के तहत करीब 66 योजनाओं का खाका तैयार किया है।

इसमें सड़क से लेकर चौराहे, बस पड़ाव से लेकर सार्वजनिक स्थल और रोशनी से लेकर जलनिकासी तक को शामिल किया गया है। योजनाएं धरातल पर उतरीं तो शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और चौराहों का बदला हुआ स्वरूप लोगों को नजर आएगा।

अभियान के तहत अरार मोड़ से अंबेडकर चौक, पोस्ट आफिस चौक होते हुए जंगलिया मोड़ तक की सड़क को सिग्नेचर रोड के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। डिवाइडर पर सजावटी रोशनी और पौधारोपण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क को आकर्षक बनाने के साथ शहर की अलग पहचान कायम करना है।

चौराहों पर रोशनी और फाउंटेन का तड़का

अंबेडकर चौक, पोस्ट आफिस चौक, थाना चौक, अरार मोड़ और हजियापुर चौक के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई है। यहां सजावटी प्रकाश व्यवस्था, फाउंटेन और अन्य सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। शाम के समय इन चौराहों को आकर्षक बनाने की तैयारी है।

जहां लोग रुकेंगे, वहां बनेगा 'सेल्फी प्वाइंट'

शहर के पांच प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाने की योजना है। समाहरणालय के प्रवेश-निकास के बीच का क्षेत्र, चारदीवारी के पास पाम पौधारोपण, डिप्टी रोड वेंडर जोन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों को इसके लिए चिह्नित किया गया है। सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने के साथ शहर के नए विजुअल स्पॉट विकसित करने पर जोर है।

धूप-वर्षा से बचाएंगे 15 बस शेल्टर

यात्रियों की सुविधा के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर 15 बस स्टॉप शेल्टर प्रस्तावित हैं। अरार चौक, भोरे मोड़, कौशल्या सिंह चौक, जादोपुर चौक और लखपतिया मोड़ समेत अन्य स्थानों पर इनके निर्माण की योजना है। इससे बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को धूप और वर्षा से राहत मिलेगी।

कचरे से बनेगी शहर की खूबसूरत कहानी

नगर परिषद ने 'वेस्ट टू वंडर' को भी योजना में शामिल किया है। बस स्टैंड, मोनिया चौक, कौशल्या सिंह चौक और कैलाश होटल के समीप समेत अन्य स्थानों पर अनुपयोगी वस्तुओं और कचरे से आकर्षक माडल तैयार किए जाएंगे। यानी जिस कचरे से परेशानी है, उसी से सार्वजनिक स्थल की खूबसूरती बढ़ाने की तैयारी है।

जलजमाव पर भी चलेगा विकास का पहिया

सिर्फ सजावट नहीं, शहर की पुरानी समस्या जलजमाव से निपटने की भी योजना है। वार्ड 15 में जंगलिया चौक से मोहम्मद नसीर के घर होते हुए खाड़ दाई अरारसी नाला और आरसीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव है।

इसके लिए करीब 1.42 करोड़ रुपये का प्रारंभिक अनुमान है। पीसीसी सड़क निर्माण के लिए करीब 46.53 लाख रुपये का प्राविधान बताया गया है।

रोशनी, हाईमास्ट और सीसीटीवी से बढ़ेगी सुरक्षा

शहर में पहले से चल रही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के विस्तार के साथ हाईमास्ट, स्पाइरल लाइट, सीसीटीवी कैमरे और एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाने की योजनाएं भी प्रस्तावित हैं। नगर परिषद क्षेत्र में 4617 नई स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया पहले से चल रही है।

क्या कहते हैं कार्यपालक पदाधिकारी?

शहर को आकर्षक, सुविधायुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई है। वरीय अधिकारियों की सहमति और दिशा-निर्देश के अनुसार योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। - अजय कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद