विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सऊदी अरब गईं शिक्षिका, लेकिन गोपालगंज में नहीं रुकी हाजिरी! पासपोर्ट से खुला चौंकाने वाला राज

Published: Wed, 26 Aug 2026 09:09 AM (IST)

गोपालगंज की शिक्षिका सना रेयाज पर फर्जी हाजिरी बनाने का आरोप है, जांच में विदेश में रहने के दौरान भी ...और पढ़ें

गोपालगंज की श‍िक्ष‍िका की हाजिरी में फर्जीवाड़ा। सांकेत‍िक तस्‍वीर

गोपालगंज की श‍िक्ष‍िका की हाजिरी में फर्जीवाड़ा। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. शिक्षिका सना रेयाज पर फर्जी हाजिरी बनाने का आरोप।

  2. विदेश में रहने के दौरान भी डीएलएड प्रशिक्षण में उपस्थिति दर्ज।

  3. पुत्र जन्म के दिन भी विद्यालय में दर्ज थी हाजिरी।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। थावे प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मुकेरी टोला में पदस्थापित शिक्षिका सना रेयाज पर फर्जी तरीके से हाजिरी बनाने का मामला सामने आया है।

शिकायतकर्ता के आवेदन पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त गौरव कुमार को सौंपी थी।

जांच में शिक्षिका के विदेश में रहने के दौरान डीएलएड प्रशिक्षण में उपस्थिति दर्ज होने की पुष्टि हुई है। डीडीसी ने जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। मामले में जल्द कार्रवाई की बात कही जा रही है।

सउदी अरब में रहने के बावजूद बनी हाजिरी 

जांच के दौरान शिक्षिका के पासपोर्ट की भी जांच की गई। इसमें पाया गया कि वह 21 जनवरी 2017 को नई दिल्ली से विमान के माध्यम से सऊदी अरब गई थीं।

वह 30 मार्च 2017 को वापस लौटीं। इस अवधि में उनके प्रशिक्षण में शामिल होने का कोई साक्ष्य नहीं मिला। इसके बावजूद थावे में आयोजित डीएलएड प्रशिक्षण शिविर में उनकी उपस्थिति दर्ज होती रही।

जांच रिपोर्ट के अनुसार डीएलएड के दो वर्षीय प्रशिक्षण में नियमानुसार 80 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य थी। आरोप है कि प्रशिक्षण की निर्धारित उपस्थिति पूरी करने के लिए फर्जी तरीके से हाजिरी दर्ज कराई गई।

विदेश यात्रा से संबंधित दस्तावेजों और प्रशिक्षण की उपस्थिति के बीच विरोधाभास को जांच में गंभीरता से लिया गया है।

पुत्र जन्म के दिन भी स्कूल में अटेंडेंस 

जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षिका के पुत्र का जन्म दो नवंबर 2017 को हुआ था। उस दिन भी उनकी हाजिरी विद्यालय में दर्ज पाई गई।

इसके अलावा जांच के दौरान उनके द्वारा मातृत्व अवकाश लिए जाने का भी कोई साक्ष्य नहीं मिला। जांच रिपोर्ट में इन तथ्यों का उल्लेख किया गया है।

डीडीसी द्वारा जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपे जाने के बाद अब विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की तैयारी है।अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।