विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में तस्करों की चालाकी फेल: स्कॉर्पियो के 'सीक्रेट केबिन' से 120 लीटर शराब बरामद, 2 अरेस्ट

Published: Thu, 17 Sep 2026 04:49 PM (IST)

गोपालगंज में उत्पाद विभाग ने एक स्कॉर्पियो से 120 लीटर देशी शराब बरामद की, जिसे वाहन में बने गुप्त तहखानों ...और पढ़ें

HighLights

  1. स्कॉर्पियो में गुप्त तहखाने बनाकर शराब की तस्करी की जा रही थी।

  2. उत्पाद विभाग ने 120 लीटर देशी शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त की।

  3. दो आरोपित मिथिलेश सिंह और पवन कुमार को गिरफ्तार किया गया।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। शराब तस्करी के लिए तस्करों ने स्कॉर्पियो के अंदर ही ऐसा तहखाना बना रखा था, जिसमें पुलिस की नजर से बचाकर शराब की खेप छिपाई गई थी।

उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को जब्त कर 120 लीटर देशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक अमृतेश झा के निर्देश पर की गई।

बताया जाता है कि उत्पाद विभाग की टीम फुलवरिया थाना क्षेत्र के वृक्ष बथुआ गांव के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में एक स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई।

कहां-कहां छिपा रखी थी शराब?

तलाशी के दौरान वाहन के अलग-अलग हिस्सों में शराब छिपाए जाने का खुलासा हुआ। तस्करों ने चक्का, बोनेट, बॉडी और चेचिस के हिस्से में शराब छिपाने के लिए विशेष जगह बना रखी थी।

जांच के बाद वाहन से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग ने स्कॉर्पियो को जब्त करने के साथ ही दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी मिथिलेश सिंह तथा समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सकरा गांव निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।