विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PMFME योजना में बड़ा खेल: आटा चक्की मशीन मिली नहीं, शुरू हो गई 5 लाख के लोन की किस्त

Published: Mon, 31 Aug 2026 06:32 PM (IST)

गोपालगंज में पीएमएफएमई योजना के तहत आटा चक्की मशीन के लिए स्वीकृत 5 लाख रुपये के लोन में धोखाधड़ी का ...और पढ़ें

आटा चक्की मशीन मिली नहीं, शुरू हो गई 5 लाख के लोन की किस्त (AI Generated Image)

आटा चक्की मशीन मिली नहीं, शुरू हो गई 5 लाख के लोन की किस्त (AI Generated Image)

HighLights

  1. पीएमएफएमई योजना में 5 लाख के लोन में धोखाधड़ी।

  2. वेंडर ने मशीन दिए बिना ही बैंक से भुगतान लिया।

  3. पीड़ित अंशु कुमार ने डीएम से शिकायत कर न्याय मांगा।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। पीएमएफएमई (प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम) योजना के तहत स्वीकृत पांच लाख रुपये के लोन में आवेदक के साथ धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है।

शहर के कैथवलिया वार्ड नंबर-9 निवासी देवधारी राय के पुत्र अंशु कुमार ने सोमवार को डीएम से मिलकर मामले की शिकायत की और अपनी समस्या से अवगत कराया।

पीड़ित के अनुसार, पीएमएफएमई योजना के तहत उनके नाम पर करीब पांच लाख रुपये का लोन स्वीकृत हुआ था। इस राशि से उन्हें आटा चक्की मशीन खरीदनी थी।

उनका आरोप है कि संबंधित वेंडर ने मशीन की आपूर्ति किए बिना ही बैंक से लोन की राशि का भुगतान करा लिया। इसके बाद मशीन मिले बिना ही उनके लोन की मासिक किस्त भी शुरू हो गई।

अंशु कुमार का कहना है कि मशीन की आपूर्ति के लिए उन्होंने लगातार बैंक कर्मियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन करीब आठ माह बीत जाने के बाद भी उन्हें मशीन नहीं मिली।

उन्होंने मामले में बैंक कर्मियों और उद्योग विभाग से जुड़े कर्मियों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारी को मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

साथ ही, सोमवार को डीएम से मिलने पहुंचे अंशु कुमार को मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई और योजना के तहत मशीन दिलाने का भरोसा दिया गया। अब पीड़ित को जांच और कार्रवाई के बाद न्याय मिलने की उम्मीद है।