विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज में खुलेगा मेडिकल कॉलेज! CM नीतीश कुमार से JDU विधायक को क्‍या म‍िला आश्‍वासन?

By Rajesh Prasad Edited By: Vyas Chandra
Published: Sun, 11 Jan 2026 04:58 PM (IST)

जदयू विधायक मंजीत कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर गोपालगंज के मांझा प्रखंड में मेडिकल कॉलेज स्थापित ...और पढ़ें

मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को गुलदस्‍ता भेंट करते जदयू व‍िधायक मंजीत कुमार सिंह।

मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को गुलदस्‍ता भेंट करते जदयू व‍िधायक मंजीत कुमार सिंह।

HighLights

  1. जदयू विधायक ने मुख्यमंत्री से की मेडिकल कॉलेज की मांग।

  2. गोपालगंज के मांझा में भूमि उपलब्ध, सीएम ने दिया आश्वासन।

  3. क्षेत्रवासियों में मेडिकल कॉलेज स्थापना को लेकर बढ़ी उम्मीदें।

संवाद सूत्र, मांझा (गोपालगंज)। बरौली विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक सह विधानसभा सचेतक मंजीत कुमार सिंह ने पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान विधायक ने मांझा प्रखंड के धनखड़ में मेडिकल कालेज की स्थापना की मांग को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना और प्रत्येक जिले में मेडिकल कालेज की स्थापना करना है।

गोपालगंज जैसे सीमावर्ती जिले में मेडिकल कालेज खुलने से न केवल स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी, बल्कि स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि पूर्व में बिहार कैबिनेट द्वारा गोपालगंज जिले में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति दी जा चुकी है।

अब भवन निर्माण के लिए मांझा के धनखड़ में स्थल चयन की आवश्यकता है। विधायक ने यह भी जानकारी दी कि जिला समाहर्ता द्वारा 20 मई 2025 को भूमि उपलब्धता से संबंधित प्रतिवेदन स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव को भेजा जा चुका है।

प्रतिवेदन के अनुसार थावे के चुनावे में चयनित 25 एकड़ 20 डेसमिल भूमि कृषि विभाग की है, जिसका अनापत्ति प्रमाणपत्र अब तक प्राप्त नहीं हुआ है।

वहीं, मांझा के धनखड़ में अंचलाधिकारी द्वारा कराई गई जांच में कुल 24 एकड़ 37 डेसमिल गैरमजरुआ मालिक भूमि परियोजना के लिए उपयुक्त पाई गई है, जिसका प्रतिवेदन समर्पित किया गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुना और मेडिकल कालेज स्थापना की मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। इस मुलाकात के बाद क्षेत्रवासियों में मांझा में मेडिकल कालेज स्थापना को लेकर उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।