विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कर्ज चुका दूंगा...', गोपालगंज में सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर ट्रेन के आगे कूदा युवक; भाई-भाभी पर लगाए आरोप

Published: Fri, 24 Jul 2026 04:10 PM (IST)

कुचायकोट के सासामुसा रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कुचायकोट में युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया।

  2. वायरल वीडियो में भाई-भाभी पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया।

  3. युवक की हालत गंभीर, गोरखपुर में चल रहा इलाज।

संवाद सूत्र, कुचायकोट (गोपालगंज)। कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में युवक द्वारा अपने भाई और भाभी पर लगाए गए आरोपों की चर्चा हो रही है। हालांकि, दैनिक जागरण वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। घायल युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के चैलवा गांव निवासी अजय शाह के रूप में हुई है।

गुरुवार की शाम वह सासामुसा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन के आगे कूद गया था। स्थानीय लोगों ने डायल-112 की टीम की मदद से उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।

घटना से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया था। वीडियो में उसने आरोप लगाया है कि वह पिछले 15 वर्षों से अपनी कमाई परिवार को देता रहा, लेकिन इसके बावजूद उसे कर्ज और अन्य बातों को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

उसने अपने भाई और भाभी पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने कई बार अपने भाई से इस संबंध में बात करने की कोशिश की, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।

वीडियो में उसने यह भी कहा कि वह कर्ज की राशि चुकाने के लिए तैयार है, फिर भी उसे ताने दिए जा रहे हैं और इसी कारण वह यह कदम उठा रहा है।

बताया जा रहा है कि युवक का विवाह करीब दो माह पहले ही हुआ था। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके स्वजन गोरखपुर पहुंच गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वीडियो की भी जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।