गोपालगंज में रोक के बावजूद महावीरी अखाड़ा जुलूस में नर्तकी का डांस, अश्लील गीतों का VIDEO VIRAL
गोपालगंज में जिला प्रशासन की रोक के बावजूद महावीरी अखाड़ा जुलूस में नर्तकी का डांस और अश्लील गीतों का वीडियो ...और पढ़ें

गोपालगंज में रोक के बावजूद महावीरी अखाड़ा जुलूस में नर्तकी का डांस (स्क्रीन ग्रैब)
HighLights
महावीरी अखाड़ा जुलूस में नर्तकी का डांस, प्रशासन की रोक के बावजूद।
अश्लील गीतों पर डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की, कार्रवाई संभव।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिला प्रशासन की ओर से महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान अश्लील गीत और आपत्तिजनक कार्यक्रम पर रोक लगाए जाने के बावजूद शहर में इसका उल्लंघन किए जाने का मामला सामने आया है।
शुक्रवार को महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान एक अखाड़ा समिति की ओर से नर्तकी का डांस कराया गया। इस दौरान अश्लील गीत बजाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जाता है कि महावीरी अखाड़ा जुलूस को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से पहले ही कई दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अश्लील गीत, आपत्तिजनक नृत्य अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कार्यक्रम नहीं करने की हिदायत दी गई थी।
इसके बावजूद जुलूस में शामिल कुछ लोगों की ओर से प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी किए जाने की बात सामने आई है। वायरल वीडियो में अखाड़ा जुलूस के दौरान नर्तकी को डांस करते हुए देखा जा सकता है। आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद नजर आ रहे हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक जुलूस के दौरान इस तरह के कार्यक्रम से प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों की अवहेलना होती है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की संभावना है। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुट सकती है।
जांच के बाद संबंधित अखाड़ा समिति या आयोजकों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही थी।
नगर थाना प्रभारी प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। नियम का पालन नहीं करने वाले महावीरी अखाड़ा के लाइसेंस धारक पर कार्रवाई की जाएगी।
