एक साल से गोपालगंज में NOC के जाल में फंसे थे चार पुल, अब मिली हरी झंडी; जल्द शुरू होगी निर्माण की प्रक्रिया
गोपालगंज के मांझा प्रखंड में सारण गंडक नहर पर चार समानांतर पुलों के निर्माण को गंडक विभाग से अनापत्ति प्रमाण ...और पढ़ें

गोपालगंज में चार पुलों का जल्द शुरू हो सकता है निर्माण। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गंडक नहर पर चार समानांतर पुलों का निर्माण।
एक साल बाद गंडक विभाग से मिली एनओसी।
जल्द शुरू होगी निविदा और निर्माण प्रक्रिया।
संवाद सूत्र, मांझा (गोपालगंज)। मांझा प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली सारण गंडक नहर पर चार समानांतर पुलों के निर्माण की उम्मीद एक बार फिर जगी है।
करीब एक वर्ष से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के इंतजार में अटकी पुल निर्माण की प्रक्रिया अब आगे बढ़ने की संभावना है। गंडक विभाग ने चारों पुलों के निर्माण के लिए एनओसी जारी कर दिया है।
एनओसी मिलने के बाद संबंधित विभाग की ओर से अब निविदा की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रखंड के धनखड़ हरिजन टोली, बहोराहाता, कर्णपुरा-पथरा के बीच तथा मांझा बाजार के समीप पहले से बने पुलों के समानांतर नए पुलों का निर्माण कराया जाना है।
इन पुलों के निर्माण से नहर के दोनों किनारों पर बसे गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर आवागमन की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
एक साल से एनओसी के कारण अटका था निर्माण
गंडक विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण करीब एक वर्ष से पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। करीब एक वर्ष पहले तत्कालीन विधायक रामप्रवेश राय ने तीन पुलों का शिलान्यास भी किया था।
शिलान्यास के बाद लोगों को जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन विभागीय एनओसी लंबित रहने के कारण काम शुरू नहीं हो सका।
अब गंडक विभाग से एनओसी जारी होने के बाद संबंधित विभागों की ओर से निविदा समेत आगे की प्रक्रिया शुरू किए जाने की उम्मीद है।
जल्द शुरू होगी निविदा की प्रक्रिया
बरौली विधायक मंजीत कुमार सिंह ने बताया कि चारों पुलों के लिए गंडक विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी हो गया है। जल्द ही चारों पुलों के निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि समानांतर पुलों के निर्माण की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे थे। एनओसी मिलने के बाद अब निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई शुरू होगी।
दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था मामला
समानांतर पुलों के निर्माण में एनओसी के कारण हो रही देरी का मामला दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था। दैनिक जागरण ने 25 जून को 'एनओसी के जाल में फंसे तीन पुल, एक साल बाद भी निर्माण शुरू नहीं' शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
खबर प्रकाशित होने के बाद स्थानीय विधायक मंजीत कुमार सिंह ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने की पहल की।
करीब दो माह बाद गंडक विभाग से एनओसी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भी पुल निर्माण को लेकर उम्मीद जगी है।ग्रामीणों का कहना है कि पुलों का निर्माण पूरा होने से नहर के दोनों ओर आवागमन आसान होगा और वर्षों से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी।
