विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम सूर्य घर योजना: गरीब परिवारों की छत बनेगी बिजली का नया ठिकाना, बिल से मिलेगी राहत

Published: Mon, 24 Aug 2026 02:42 PM (IST)

गोपालगंज में गरीब परिवारों को बिजली बिल से राहत देने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत मुफ्त रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जाएंगे।

गरीब परिवारों की छत बनेगी बिजली का नया ठिकाना, बिल से मिलेगी राहत (AI Generated Image)

गरीब परिवारों की छत बनेगी बिजली का नया ठिकाना, बिल से मिलेगी राहत (AI Generated Image)

HighLights

  1. गोपालगंज में गरीब परिवारों को मुफ्त रूफटॉप सोलर पैनल।

  2. प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 300 यूनिट मुफ्त बिजली।

  3. अतिरिक्त बिजली बेचकर सालाना 15-18 हजार रुपये आय।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिले के गरीब परिवारों के लिए बिजली का खर्च कम करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू होने जा रही है। अब कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं के घरों की छतें बिजली उत्पादन का माध्यम बनेंगी।

जिले की सभी 230 पंचायतों में दो लाख से अधिक गरीब बिजली उपभोक्ताओं के घरों पर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत नि:शुल्क (फ्री) रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की तैयारी है।

योजना के पायलट प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में 70 पंचायतों के 4,957 उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया है। इनके घरों पर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

चल रही तैयारियों के अनुसार, बिजली कंपनी पहले चरण के परिणाम के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार करेगी। पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा तो जिले की सभी पंचायतों में अभियान चलाकर कुटीर ज्योति श्रेणी के शेष पात्र उपभोक्ताओं के घरों पर भी सोलर पैनल लगाए जाएंगे।

इससे गरीब परिवारों को बिजली बिल के बोझ से राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिलेगा। आंकड़ों के अनुसार जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर करीब 5.80 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें दो लाख से अधिक कुटीर ज्योति यानी बीपीएल श्रेणी के उपभोक्ता हैं।

योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को रूफटॉप सोलर के माध्यम से हर माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना है। इससे बिजली खर्च में कमी आने की उम्मीद है।

घर की छत से कमाई का भी रास्ता

रूफटॉप सोलर पैनल केवल बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, घर की जरूरत से अधिक उत्पादित बिजली को ग्रिड में भेजकर उपभोक्ता अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकेंगे।

अनुमान के अनुसार, इससे सालाना करीब 15 से 18 हजार रुपये तक की अतिरिक्त आमदनी हो सकती है। इस तरह सोलर पैनल गरीब परिवारों के लिए बचत के साथ आय का माध्यम भी बन सकता है।

60 प्रतिशत केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य देगा अनुदान

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत एक किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर पैनल के लिए केंद्र सरकार 60 प्रतिशत और राज्य सरकार 40 प्रतिशत अनुदान देगी। इस प्रकार पात्र कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए पैनल लगाना पूरी तरह नि:शुल्क होगा।

पात्र उपभोक्ता ऑनलाइन अपनी सहमति दे सकेंगे। सहमति मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

क्या कहते हैं अधिकारी?

कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं के घरों पर नि:शुल्क सोलर पैनल लगाने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। पहले चरण में 70 पंचायतों के 4,957 उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया है। पायलट प्रोजेक्ट सफल होने पर इसे जिले की सभी पंचायतों में लागू किया जाएगा। - मो. इकबाल अंजुम, कार्यपालक अभियंता विद्युत