BEO रिटायर हुए तो 15 दिन तक कौन चला रहा था पूरा ऑफिस? गोपालगंज में शिक्षक को स्पष्टीकरण देने पर खुला राज
मांझा प्रखंड में बीईओ के सेवानिवृत्त होने के बाद एक कंप्यूटर ऑपरेटर ने करीब 15 दिनों तक उनका कार्यभार संभाला ...और पढ़ें

कंप्यूटर ऑपरेटर की कार्यशैली से नाराजगी। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बीईओ के सेवानिवृत्त होने पर ऑपरेटर ने संभाला कार्यभार।
कंप्यूटर ऑपरेटर ने शिक्षिका को स्पष्टीकरण जारी किया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। मांझा प्रखंड में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के सेवानिवृत्त होने के बाद करीब 15 दिनों तक बीईओ का पद रिक्त रहा।
इस दौरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर ही बीईओ का काम करने लगा। हद तो यह कि एक शिक्षक से तो उसने स्पष्टीकरण भी कर दी है।
ऑपरेटर की ओर से अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर का कार्य करते हुए शिक्षक को स्पष्टीकरण जारी किए जाने से प्रखंड क्षेत्र के शिक्षकों में भी रोष है।
31 अगस्त को रिटायर हुए थे बीईओ
जानकारी के अनुसार मांझा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद मंगलवार तक इस पद पर किसी पदाधिकारी की नियमित प्रतिनियुक्ति नहीं की गई थी।
इसी बीच बीईओ कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर सुभाष द्वारा कई विभागीय कार्य किए जाने की बात सामने आई है।
प्रारंभिक विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक की अर्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा को लेकर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का आदेश भी जारी किया गया। इस आदेश पर भी कंप्यूटर ऑपरेटर का हस्ताक्षर था।
इसी परीक्षा में जब एक शिक्षिका ने अपने आवंटित विद्यालय में योगदान नहीं किया, तो ऑपरेटर की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया गया।
इससे नाराज शिक्षकों का कहना है कि बीईओ के स्तर से किए जाने वाले प्रशासनिक कार्यों और शिक्षकों पर कार्रवाई से जुड़े मामलों में सक्षम पदाधिकारी की मौजूदगी आवश्यक है।
डीईओ ने कहा- होगी कार्रवाई
मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि इसकी तत्काल जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई भी होगी।
वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर सुभाष ने बताया कि वित्तीय प्रभार को छोड़कर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के अन्य कार्य वह कर सकते हैं।
इधर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी आदेश में मांझा के बीडीओ वैभव शुक्ला को अपने कार्यों के अतिरिक्त वित्तीय अधिकार सहित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का प्रभार सौंप दिया गया है।
