गोपालगंज में दिनदहाड़े मिट्टी कारोबारी को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर
गोपालगंज में बाइक सवार बदमाशों ने एक मिट्टी व्यवसायी शैलेश यादव को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से ...और पढ़ें

सदर अस्पताल में चल रहा कारोबारी शैलेश यादव का उपचार। जागरण
HighLights
गोपालगंज में मिट्टी व्यवसायी शैलेश यादव को गोली मारी गई।
बाइक सवार बदमाशों ने बंजारी मोड़ के पास घटना को अंजाम दिया।
गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को गोरखपुर रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। शहर के बंजारी मोड़ के समीप शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक मिट्टी व्यवसायी को गोली मार दी।
जख्मी मिट्टी व्यवसायी नगर थाना क्षेत्र के कुकुरभुक्का गांव निवासी शैलेश यादव हैं। गोली कंधे के पास लगने से वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। गोली चलने की घटना से आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
हॉस्पिटल के समीप रोककर मारी गोली
बताया गया कि शैलेश यादव शुक्रवार को बाइक से बंजारी मोड़ की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सुमन हॉस्पिटल के समीप बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर गोली मार दी।
गोली उनके कंधे के पास लगी, जिससे वह सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से जख्मी शैलेश यादव को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।
सदर अस्पताल से गोरखपुर रेफर
यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गोली लगने से उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू किया है।
गोली मारनेवाले बदमाशों की पहचान का प्रयास पुलिस कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आपसी विवाद सहित अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
