दारोगा बनने का सपना रह गया अधूरा, दौड़ की प्रैक्टिस के लिए निकली मुस्कान की सड़क हादसे में मौत, गोपालगंज की घटना
गोपालगंज में दारोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही मुस्कान कुमारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह प्रतिदिन ...और पढ़ें
-1789113102537_m.webp)
मुस्कान का पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे स्वजन। जागरण
HighLights
दारोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी मुस्कान।
दौड़ के अभ्यास पर जाते समय हुआ सड़क हादसा।
बस की टक्कर से मौके पर ही हुई मौत।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। दारोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए प्रतिदिन की तरह दौड़ का अभ्यास करने जा रही एक युवती की शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई।
हादसा मीरगंज थाना क्षेत्र के साहेबचक गांव के समीप हुआ। मृतका लाइन बाजार निवासी भोला साह की पुत्री मुस्कान कुमारी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सबेया फील्ड में करती थी अभ्यास
बताया जाता है कि मुस्कान कुमारी दारोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह प्रतिदिन सुबह सबेया फील्ड में एक संस्थान के माध्यम से दौड़ का अभ्यास करने के लिए जाती थी।
शुक्रवार की सुबह भी वह स्कूटी से सबेया फील्ड के लिए निकली थी। इसी दौरान साहेबचक गांव के समीप बनारस जाने वाली एक बस ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में युवती सड़क पर गिर गई और बस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
मुस्कान की मौत से परिवार में पसरा मातम
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मीरगंज थाने की पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के स्वजन में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ बस चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई है।
