दस लाख नकदी के लिए बहू को घर से निकाला
दहेज में दस लाख रुपये नकदी की मांग पूरी नहीं होने पर शादी के पांच साल बाद एक महिला को उसके ससुराल के लोगों ने घर से निकाल दिया।
गोपालगंज। दहेज में दस लाख रुपये नकदी की मांग पूरी नहीं होने पर शादी के पांच साल बाद एक महिला को उसके ससुराल के लोगों ने घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला के बयान पर घटना की नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार नगर थाना के सरेया वार्ड नंबर एक निवासी नवी अहमद की पुत्री अफरोज बानो की शादी करीब पांच साल पूर्व सिवान जिले के जीबीनगर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर लालगढ़ गांव के फिरोज अहमद के साथ संपन्न हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर कुछ समय तक अफरोज बानो को उसके ससुराल के लोगों ने ठीक से रखा। बाद में उसे दहेज में दस लाख रुपये नकदी के लिए उसके ससुराल के लोग प्रताड़ित करने लगे। कुछ समय तक वह ससुराल के लोगों की प्रताड़ना को झेलती रही। इसके बाद भी जब मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल के लोगों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस संबंध में पीड़ित महिला के बयान पर थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में फिरोज अहमद, मोहम्मद इद्रीश, शहबाज अहमद उर्फ सोनू सहित पांच लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस कांड दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।