डीएम ने दिया शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश
गोपालगंज जिलाधिकारी अरशद अजीज ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने टीकाकरण का लक्ष्य हर हाल में शत प्रतिशत प्राप्त करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।
गोपालगंज : जिलाधिकारी अरशद अजीज ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने टीकाकरण का लक्ष्य हर हाल में शत प्रतिशत प्राप्त करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। बैठक के दौरान मांझा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ठप पड़ी एक्स-रे सेवा को तत्काल बहाल कराने तथा पैथोलॉजी सेवा के संचालक की संविदा को तत्काल समाप्त करने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने टीकाकरण अभियान में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने 23 अक्टूबर तक टीकाकरण कार्य की सर्वे रिपोर्ट को अपडेट कराने को कहा। जिलाधिकारी ने आशा तथा आंगनबाड़ी सेविका सर्वे रिपोर्ट को अपडेट करने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में उन्होंने कालाजार के मरीजों का तत्काल इलाज कराने की व्यवस्था करने के साथ ही लंबित पड़े आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय का भुगतान करने को कहा। आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को योजना के तहत चयनित किए गए अस्पतालों के संबंध में व्यापक प्रचार प्रसार करने को कहा। ताकि लोगों को इसके बारे में जानकारी हो सके। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वैसे इलाके जो जल जमाव की समस्या झेल रहे हैं, वहां दवा का छिड़काव करने को कहा। ताकि लोगों को डेंगू तथा अन्य बीमारियों से बचाया जा सके। जननी बाल सुरक्षा योजना की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने महज 44 प्रतिशत उपलब्धि पर असंतोष जताते हुए स्थिति में सुधार करने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त सज्जन आर तथा सिविल सर्जन डॉ. नंदकिशोर प्रसाद सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।