मौनी अमावस्या पर लोगों ने नदियों में लगाई डुबकी
गोपालगंज मौनी अमावस्या पर पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने नदियों में डुबकी लगाई तथा मंदिरों में पूजा-अर्चना
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : मौनी अमावस्या पर पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने नदियों में डुबकी लगाई तथा मंदिरों में पूजा-अर्चना कर ब्राह्मणों को दान देकर आर्शीवाद लिया। गंडक नदी के डुमरिया तथा राजापुर सहित कई घाटों पर तड़के चार बजे से ही लोगों की भीड़ देखी गई। सुबह स्नान-ध्यान करने के बाद चावल और रुपया लोगों ने दान किया।
माघ के इस महीने में मौनी अमावस्या पर गंगा नदी में स्नान का विशेष महत्व होता है। इस दिन नदियों में देवताओं का निवास होता है। ऐसे में शुक्रवार को मौनी अमावस्या पर गंडक नदी के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही स्नान-ध्यान तथा दान-पुण्य का कार्य प्रारंभ हो गया। मौनी अमावस्या को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में गुरुवार को ही अपनी तैयारियां पूरी कर ली थी। शुक्रवार की सुबह होते ही लोगों की भीड़ सिधवलिया प्रखंड ड़ुमरिया घाट से लेकर राजापुर घाट पर लग गई। घाटों पर आए लोगों ने नदी में स्नान कर भगवान भाष्कर को नमन किया। हालांकि सर्द हवाओं के कारण सुबह घाटों पर लोगों की भीड़ कम रही। दिन चढ़ने के साथ गंडक सहित सभी नदी के घाटों पर लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। डुमरिया घाट से लेकर राजापुर तक दोपहर समय तक लोगों की भीड़ लगी रही। नदी घाटों के साथ-साथ मंदिरों में भी लोगों की भीड़ देखी गई। मंदिरों में पूजा अर्चना के बाद लोगों ने चावल व नकदी का दान किया। मौनी अमावस्या के दिन लोग मौन रहकर ही स्नान करते हैं। इस मौके पर ईटवा पुल पर भी दाहा नदी में स्नान करने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। इस दौरान थावे दुर्गा मंदिर व लछवार सहित जिले के शिव मंदिरों में भी लोगों की भीड़ दिखी।