CTET Exam 2026: गलत जवाब पर नहीं कटेंगे अंक; कक्षा 1-5 और 6-8 के शिक्षक बनने के लिए अलग-अलग होगा पेपर
केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 6 सितंबर को ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी, जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। अभ्यर्थी ...और पढ़ें

साइबर कैफे में जानकारी लेने पहुंचे अभ्यर्थी। जागरण
HighLights
सीटीईटी परीक्षा 6 सितंबर को ऑफलाइन मोड में होगी।
दोनों पेपर में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
अभ्यर्थी टीआरई-4 में मौका मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) छह सितंबर को आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों ने तैयारी तेज कर दी है। परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी और ओएमआर शीट पर उत्तर देना होगा।
दोनों पेपर में 150-150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। गलत उत्तर के लिए अंक नहीं काटे जाएंगे।
परीक्षा नजदीक आने के साथ अभ्यर्थी सिलेबस पूरा करने के अलावा मॉक टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल कर रहे हैं।
पेपर-1 में पांच विषयों से पूछे जाएंगे प्रश्न
कक्षा एक से पांच तक शिक्षक बनने के लिए पेपर-1 की परीक्षा होगी। इसमें बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र, भाषा-1, भाषा-2, गणित तथा पर्यावरण अध्ययन से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे।
भाषा-1 और भाषा-2 का चयन अभ्यर्थियों ने आवेदन के दौरान किया है। बिहार में अधिकतर अभ्यर्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी का चयन किया है।
कुछ अभ्यर्थियों ने हिंदी और संस्कृत को भी भाषा के रूप में चुना है। गणित और पर्यावरण अध्ययन में प्राथमिक स्तर के पाठ्यक्रम से प्रश्न पूछे जाएंगे।
पेपर-2 में चयनित विषय के होंगे 60 प्रश्न
कक्षा छह से आठ तक शिक्षक बनने के लिए पेपर-2 की परीक्षा होगी। इसमें बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र, भाषा-1 और भाषा-2 से 30-30 प्रश्न होंगे। शेष 60 प्रश्न चयनित विषय से पूछे जाएंगे।
अभ्यर्थियों को गणित एवं विज्ञान अथवा सामाजिक अध्ययन/सामाजिक विज्ञान में से विषय का चयन करना है। पेपर-2 का सिलेबस मुख्य रूप से कक्षा छह से आठ के स्तर को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
टीआरई-4 में मौका मिलने की उम्मीद
सीटीईटी परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की नजर बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 पर भी है। टीआरई-4 का नोटिफिकेशन अभी जारी नहीं हुआ है।
अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि यदि सीटीईटी का परिणाम समय पर जारी होता है तो परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को टीआरई-4 की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिल सकता है।
