BSEB Exam 2027: बिहार बोर्ड मैट्रिक-इंटर के परीक्षा फॉर्म जारी, 16 सितंबर है लास्ट डेट; कितनी लगेगी फीस?
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर ...और पढ़ें

इंटर और मैट्रिक परीक्षा 2027 के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 सितंबर
HighLights
इंटर-मैट्रिक परीक्षा 2027 के लिए फॉर्म भरने शुरू।
ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026।
इंटर के लिए ₹1430, मैट्रिक के लिए ₹950 शुल्क।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 की तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विद्यार्थी अपने स्कूल अथवा कॉलेज के माध्यम से 16 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे और निर्धारित शुल्क जमा कर सकेंगे। दोनों परीक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने को अलग-अलग वेबसाइट निर्धारित की गई है।
बोर्ड की ओर से जारी सूचना के अनुसार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 का परीक्षा फॉर्म intermediate.biharboardonline.com के माध्यम से भरा जाएगा। वहीं, मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए exam.biharboardonline.org पर ऑनलाइन फॉर्म भरने की व्यवस्था की गई है।
बोर्ड ने सभी स्कूल और कालेजों को निर्देश दिया है कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों का परीक्षा फॉर्म भरवाना सुनिश्चित करें।
विद्यार्थियों को भी सलाह दी गई है कि फॉर्म भरने के बाद उसमें दर्ज नाम, जन्मतिथि, माता-पिता का नाम, विषय, फोटो सहित अन्य विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इंटर के लिए 1430 और मैट्रिक के लिए 950 रुपये शुल्क
परीक्षा फॉर्म भरने के लिए इंटरमीडिएट के नियमित विद्यार्थियों के लिए 1430 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अलावा स्वतंत्र विद्यार्थियों को 1770 रुपये तथा क्वालिफाइंग परीक्षार्थियों को 2110 रुपये शुल्क देना होगा।
व्यावसायिक पाठ्यक्रम के नियमित विद्यार्थियों के लिए 1830 रुपये और प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए 2170 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
वहीं, मैट्रिक परीक्षा के लिए सामान्य और बीसी-2 श्रेणी के विद्यार्थियों को करीब 950 रुपये शुल्क देना होगा। एससी, एसटी और बीसी-1 श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए करीब 835 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
