मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों में दिखा उल्लास
कुचायकोट प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिरसिया में शुक्रवार को उत्सव का माहौल था।
गोपालगंज। कुचायकोट प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिरसिया में शुक्रवार को उत्सव का माहौल था। रिजल्ट मिलने के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित बच्चों के विदाई समारोह के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम से बच्चों में उल्लास दिखा। विद्यालय की छात्रा अंतिमा कुमारी, शालू कुमारी, गुड्डू कुमार ,अभिमन्यु आदि बच्चों के चेहरों पर खुशी की चमक बिखर रही थी। इन बच्चों ने खुश होते हुए बताया कि इस विद्यालय से आठवीं कक्षा पास कर अब दूसरे विद्यालय में जाएंगे। लेकिन इस विद्यालय में मिले स्नेह और प्यार को वह भुला नहीं पाएंगे। इस सरकारी विद्यालय में पिछले कई वर्षो से आठवीं पास बच्चों के लिए विदाई समारोह आयोजित करने की परम्परा रही है। शुक्रवार को भी विदाई समारोह का आयोजन कर बच्चो को शुभकामनाएं दी गईं। इस आयोजन के साथ ही विद्यालय में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र और मतदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक काशी नाथ बैठा ने बच्चों को शपथ दिलाई गई कि वह अपने परिवार को सभी सदस्यों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे । मतदान के दिन उन्हें मतदान केंद्र पर भेज कर मतदान अवश्य कराएंगे। कार्यक्रम में प्रदीप कुमार सिंह , विकेश दुबे, सुभाष सिंह, प्रियंका कुमारी, ललिता देवी सहित शिक्षक व काफी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहीं।