आर्टिफिशियल फूलों के बाजार पर भी चाइनीज बुखार
इस दीपावली पर भी चाइनीज सामानों से बाजार भरे पड़े हैं। पूरा बाजार दीपोत्सव को लेकर चीन निर्मित सामानों की जमकर बिक्री भी की जा रही है।
गोपालगंज। इस दीपावली पर भी चाइनीज सामानों से बाजार भरे पड़े हैं। पूरा बाजार दीपोत्सव को लेकर चीन निर्मित सामानों की जमकर बिक्री भी की जा रही है। यहां तक आर्टिफिशियल (कृत्रिम) फूलों के बजार पर भी चीन का कब्जा है। यह कब्जा यूं ही नहीं है। दुकानदारों की मानें तो इसकी काफी डिमांड भी है।
दीपावली में घर को साफ करके सजाने की परंपरा है। सजावट की इस प्रक्रिया में फूलों की अहम भूमिका होती है। चूंकि वास्तविक फूल जल्द मुरझा जाते हैं और महंगे भी हैं। ऐसे में लोग आर्टिफिशियल फूलों पर ही भरोसा करते हैं। वास्तविक फूलों की भूमिका औपचारिकता तक ही सीमित होती है। दीपावली के मद्देनजर बाजार इन दिनों आर्टिफिशियल फूलों से पटा पड़ा है। देशी आर्टिफिशियल फूल भी महंगे हैं। ऐसे में चीनी फूलों को दुकान में रखने में न ही दुकानदारों को दिक्कत है और ना ही खरीदारों को। दुकानदार भी इस बात को स्वीकार करते हैं कि सस्ते होने के कारण चीनी अर्टिफिशियल फूलों की डिमांड कुछ कम तो हुई है। बावजूद इसके इसकी भी बिक्री हो रही है। बाजार में लक्ष्मी गणेश की माला की भी बिक्री खूब हो रही है। जबकि यह माला भी चाइनीज ही है।