विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JDU व‍िधायक अनंत सिंह और गायक गुंजन सिंह को बड़ी राहत; अब 5 जून की सुनवाई पर टिकी निगाहें

Published: Sat, 30 May 2026 12:37 PM (IST)

गोपालगंज की एमपी-एमएलए कोर्ट ने जदयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की गिरफ्तारी पर 5 जून तक ...और पढ़ें

मोकामा व‍िधायक अनंत सिंंह। फाइल

मोकामा व‍िधायक अनंत सिंंह। फाइल

HighLights

  1. अनंत सिंह, गुंजन सिंह की गिरफ्तारी पर 5 जून तक रोक।

  2. गोपालगंज एमपी-एमएलए कोर्ट ने सुनवाई के बाद दी अंतरिम राहत।

  3. पुलिस एफएसएल रिपोर्ट नहीं दी, जांच सीआईडी को सौंपी।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह व भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को गोपालगंज की एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है।

कोर्ट ने दोनों की गिरफ्तारी पर फिलहाल 5 जून तक रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई भी 5 जून को निर्धारित की गई है। 

एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पांडेय ने सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह अंतरिम राहत प्रदान की। 

एफएसएल की रिपोर्ट प्रस्‍तुत नहीं कर पाई है पुलिस 

मोकामा विधायक अनंत सिंह के अधिवक्ता राजेश पांडेय ने बताया कि पुलिस अब तक मामले से संबंधित फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत नहीं कर सकी है।

इस पर सरकार की ओर से पेश अधिवक्ता ने रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की। अधिवक्ता के अनुसार अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने अगली तिथि तक गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दिया।

सीआईडी को सौंपा गया है मामला 

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से इस मामले की जांच सीआईडी को सौंपे जाने की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि गोपालगंज पुलिस मामले से जुड़ी सभी आवश्यक फाइलें बिहार सीआईडी को हस्तांतरित कर चुकी है।

गौरतलब है कि मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में 2 और 3 मई को आयोजित जनेऊ संस्कार कार्यक्रम में विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह के आमंत्रण पर पहुंचे थे।

इसी दौरान कार्यक्रम में समर्थकों द्वारा हथियार प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद मीरगंज थाना में अनंत सिंह, गुंजन सिंह समेत नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

अब मामले में सभी की निगाहें 5 जून को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि आरोपितों को आगे भी राहत मिलती है या उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ती हैं।

यह भी पढ़ें- मोकामा विधायक अनंत सिंह केस में बड़ा मोड़; अब CID करेगी जांच, 15 मई को थाने नहीं पहुंचे थे JDU व‍िधायक