सारण के व्यवसायी की हत्या कर शव को थावे-मीरगंज पथ पर फेंका
संवाद सूत्र, थावे (गोपालगंज) : थावे-मीरगंज मुख्य पथ पर थावे थाना क्षेत्र के लछवार गांव के समीप एनएच 531 के किनारे शनिवार की सुबह एक शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद थावे थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। मृतक की पहचान सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र के इसुआपुर के निवासी व्यवसायी शशि रंजन सिंह के रूप में की गई। घटना के बाद इसुआपुर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच करने में जुट गई।
थावे थानाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद सिंह ने बताया कि युवक को सारण जिले के इसुआपुर स्थित उनके घर से बुलाकर लाने के बाद चाकू से गला रेतकर हत्या करने के बाद बदमाशों ने उनके शव को थावे थाना क्षेत्र के लछवार गांव के समीप फेंक दिया। मृतक का पैतृक गांव सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के बेरूई बताया जा रहा है। घटनास्थल पर पहुंचे इसुआपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार राम ने बताया की पैसे की लेनदेन को लेकर हत्या की की घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृत व्यवसायी बनियापुर थाना के बेरूई गांव के स्वर्गीय देवी दयाल सिंह के 39 वर्षीय पुत्र शशि रंजन सिंह उर्फ बंटी सिंह हैं। जो इसुआपुर बजार में अपना मकान बनाकर रहते थे। उन्होंने बताया कि शशि रंजन सिंह ने अपने एक परिचित विजय सिंह ने पांच लाख रुपया कर्ज दिया था। इसी प्रकार इसुआपुर थाना के विशुनपुरा गांव के मछली व्यवसायी अर्जुन कुमार उर्फ मुकुल ने चार लाख तथा मोबाइल दुकानदार अर्जुन सिंह ने भी कर्ज लिया था। पैसा वापस नहीं करने के नियत से तीनों ने व्यवसायी को बुलाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शव को छिपाने के नियत से उसे थावे थाना क्षेत्र के लछवार गांव के समीप लाकर फेंक दिया था। उन्होंने बताया कि इसुआपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजय सिंह व अर्जुन कुमार उर्फ मुकुल को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपित अर्जुन सिंह अभी भी पुलिस के गिरफ्त से फरार है।