मारपीट में चार महिला सहित आठ लोग घायल
जिले में हुई अलग-अलग घटनाओं में चार महिला सहित आठ लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया गया। घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोपालगंज। जिले में हुई अलग-अलग घटनाओं में चार महिला सहित आठ लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया गया। घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के मठिया गांव में पूर्व से चल रहे भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने हमला कर एक ही परिवार के तीन लोगों को घायल कर दिया। घायल लोगों में मैनेजर प्रसाद, उनके भाई हरेंद्र प्रसाद तथा मां छठिया देवी शामिल हैं। सभी घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में मैनेजर प्रसाद के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें संजय भगत सहित छह लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के छत्तरपट्टी गांव में आपसी रंजिश में कुछ लोगों ने धर्मदेव चौधरी तथा उनके भाई दिलीप चौधरी को मारपीट कर घायल कर दिया। हथुआ थाना क्षेत्र के जादो पीपरा गांव में आपसी रंजिश में कुछ लोगों ने बबुंती देवी को मारपीट कर घायल कर दिया। उधर मांझा थाना के धामापाकड़ गांव में पुलिस को गांव में चल रहे शराब के धंधे की जानकारी देने पर कुछ लोगों ने इंदू देवी तथा उनकी बहू को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस इन मामलों की छानबीन कर रही है।