गोपालगंज में 44 प्रतिशत व मांझा में 55 प्रतिशत पड़े वोट
गोपालगंज पैक्स चुनाव के तीसरे चरण में शुक्रवार को जिले के गोपालगंज मांझा सिधवलिया व फुलवरिया प्रखंड में बनाए गए 170 मतदान केंद्रों पर मतदताओं ने वोट डाले।
गोपालगंज : पैक्स चुनाव के तीसरे चरण में शुक्रवार को जिले के गोपालगंज, मांझा, सिधवलिया व फुलवरिया प्रखंड में बनाए गए 170 मतदान केंद्रों पर मतदताओं ने वोट डाले। पैक्स चुनाव के मतदान को लेकर रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच भी इन चारों प्रखंडों में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। गोपालगंज में 44 प्रतिशत, मांझा में 55 प्रतिशत, सिधवलिया में 50 प्रतिशत तथा फुलवरिया प्रखंड में 48.77 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान को लेकर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रही। बूथों पर पुलिस के जवान तैनात रहे। गश्ती दल तथा पदाधिकारियों की टीम मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे। चारों प्रखंडों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। मतदान के बाद चारों प्रखंड में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती का काम शुरू हो गया।
पैक्स चुनाव के तीसरे चरण में शुक्रवार को गोपालगंज प्रखंड के 15 पैक्सो में अध्यक्ष पद व प्रबंध कार्यकारिणी सदस्यों के लिए मतदान को लेकर 51 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर विधि व्यवस्था को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात किए गए थे। शुक्रवार की सुबह मतदान शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच मतदाता वोट डालने के लिए पहुंचने लगे। हालांकि बारिश के कारण मतदान करने की गति धीमी रही। बीच-बीच में बारिश रुकने पर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लगती रही। प्रखंड क्षेत्र में विधि व्यवस्था को लेकर एसडीओ उपेंद्र कुमार पाल, एसडीपीओ नरेश पासवान, नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ विजय कुमार सिंह मतदान केंद्रों पर जाकर स्थिति का जायजा लेते रहे। शाम तीन बजे तक चले मतदान के दौरान 44 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतपेटी को प्रखंड कार्यालय परिसर के प्रखंड सभाकक्ष में लाया गया। जहां मतों की गणना शुरू की गई। तीसरे चरण में चुनाव को लेकर
मांझा प्रखंड में बनाए गए 44 मतदान केंद्रो पर मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं मे खासा उत्साह देखने को मिला। हल्की बारिश के बीच मतदाता कतार मे खड़े होकर अपने बारी का इंतजार करते रहे। मतदान सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक चला। मतदान को लेकर मतदान केंद्रो पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रही। बुथों पर पुलिस बल के जवानों के साथ गश्ती दल तथा पदाधिकारियों की टीम मतदान केंद्रो का जायजा लेती रही। प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी डॉ.अजीत कुमार, थानाध्यक्ष छोटन कुमार, सीओ शाहिद अखतर व सदर एसडीओ मतदान केंद्रों पर पहुंच कर विधि व्यवस्था तथा मतदान का जायजा लेते रहे। प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मांझा प्रखंड में 55 प्रतशित मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीसरे चरण में फुलवरिया प्रखंड में आठ पैक्स के चुनाव में 48.77 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचनपदाधिकारी कृष्ण राम ने बताया कि फुलवरिया में 12 पैक्सो में से आठ पैक्सो में अध्यक्ष व प्रबंधन कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ। इसको लेकर प्रखंड के 27 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया था। जहां आठ दंडाधिकारी तैनात किए गए थे। इसके साथ ही एक सुपर जोन व चार सेक्टर में पूरे प्रखंड को बांटा गया था। अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार रमन, एसडीपीओ हथुआ अशोक कुमार चौधरी, अंचल अधिकारी हेमंत कुमार झा, पुलिस इंस्पेक्टर मीरगंज सतीश कुमार हिमांशु, फुलवरिया थाना अध्यक्ष मनोज कुमार, श्रीपुर ओपी अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सशस्त्र बल के जवानों के साथ मतदान केंद्रों पर विधि व्यवस्था बनाए रखने में लगे रहे। रिमझिम बारिश व ठंड के बावजूद भी आधी आबादी के साथ-साथ दिव्यांग व वृद्धों ने मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटी को मतगणना केंद्र राजकीय मध्य विद्यालय फुलवरिया में लाया गया, जहां मतों की गणना शुरू की गई। तीसरे में सिधवलिया प्रखंड में 13 पैक्सों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। शाम तीन बजे मतदान संपन्न होने तक 50 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।