Accident in Aurangabad: औरंगाबाद में जख्मी अधेड़ की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, मुआवजा दिए जाने की मांग
औरंगाबाद के गोह थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क दुर्घटना में जख्मी अधेड़ की मौत सोमवार को इलाज के दौरान हो गई। बाइक की चपेट में आने से यह घटना हुई। इसके विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वे मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे थे।
जेएनएन, औरंगाबाद/ गया। गाेह थाना क्षेत्र के उपहरा पथ के तेयाप गांव के समीप बाइक की चपेट में आने से जख्मी अधेड़ की मौत सोमवार की सुबह इलाज के दौरान पटना में हो गई। उसकी पहचान स्थानीय राजा गुलाम राम के रूप में की गई। घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वे मुआवजा दिए जाने की मांग करने लगे। पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने में लगी रही। लेकिन चार घंटे बाद भी जाम नहीं हट सका था।
बताया जाता है कि शनिवार को राजा गुलाम राम सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। गंभीर हालत में उनका प्राथमिक उपचार स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर किया। पीएमसीएच में इलाज के क्रम में सोमवार को उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही लोेग आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-68 बैदराबाद- उपहारा पथ को जाम कर दिया। इस कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पुलिस पहुंच कर ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग जाम हटाने को तैयार नहीं थे। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक मुआवजा नहीं मिल जाता यह जाम नहीं हटाएंगे। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।
जाम के कारण राहगीर परेशान- पर्व-त्योहार में घर जाने को निकले लोग जाम के कारण परेशान हैं। चार घंटे से अधिक समय से लोग जाम में फंसे हैं। गाडि़यों की कतार लगी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है। इतने देर से जाम के बावजूद कोई वरीय अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे। इस कारण लोग आक्रोश जाहिर कर रहे थे। उनका कहना था कि अधिकारियों ने हमे अपने हाल पर छोड़ दिया है। यह चिंताजनक स्थिति है।