Move to Jagran APP

Gaya: अफरातफरी के बीच ई रिक्‍शा से महिला हुई जख्‍मी, हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ा

लॉकडाउन के अनुपालन के लिए शेरघाटी बाजार में पहुंची पुलिस को देखते ही अफरातफरी मच गई। इस क्रम में भाग रहे ई रिक्‍शा की चपेट में आने से एक महिला जख्‍मी हो गई। इसके बाद हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया।

By Vyas ChandraEdited By: Published: Thu, 13 May 2021 04:25 PM (IST)Updated: Thu, 13 May 2021 04:25 PM (IST)
Gaya: अफरातफरी के बीच ई रिक्‍शा से महिला हुई जख्‍मी, हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ा
घटना के बाद बाजार में मौजूद पुलिस अधिकारी। जागरण

शेरघाटी (गया),संवाद सहयोगी। गया जिले के शेरघाटी शहर में गुरुवार को एसडीपीओ दल बल के साथ कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन कराने के लिए भ्रमण कर रहे थे। शहर के मुख्य मार्ग गोला बाजार के काली मंदिर चौराहे पर जैसे ही पुलिस की गाड़ी रुकी, दुकानों व दुकान के बाहर एवं सड़कों  पर घूम रहे लोगों में भगदड़ मच गई। खासकर ई रिक्‍शा और टेंपो वाले भागने लगे। इस अफरातफरी में मोहब्बतपुर गांव की एक महिला को ई रिक्शा ने धक्का मार दिया। इसके बाद लोग पु‍लिस के खिलाफ हंगामा करने लगे। पु‍लिस ने बल प्रयोग कर हंगामा कर रहे लोगोंं को खदेड़ दिया। जख्‍मी महिला को शहर के एक निजी अस्पताल में भेजा गया। उसके पैर में चोट लगी है। 

loksabha election banner

भागने के क्रम में ई रिक्‍शा से महिला को लगी चोट  

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुख्य मार्ग में पुलिस की गाड़ी देखते ही कई दुकानदार जो शटर खोलकर ग्राहक को अंदर में घुसा कर सामान बेच रहे थे उनके बीच अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरातफरी के माहौल में ई रिक्शा से महिला को चोट लग गई। महिला के चोटिल होने के बाद कुछ स्थानीय लोगों के एक समूह ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी उपेंद्र पंडित, एसडीपीओ डीएसपी प्रवेंद्र भारती, बीडीओ प्रशांत कुमार प्रसून, सीओ सुधीर तिवारी एवं थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पहुंचे। हंगामा करने वालों को खदेड़ दिया।जगह जगह पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

ईद की खरीदारी को लेकर बाजार में थी भीड़  

उल्लेखनीय हो कि शुक्रवार को ईद का त्यौहार होने जा रहा है। ईद के त्यौहार को लेकर बाजार में भीड़ भाड़ बढ़ गई है।  इधर अनुमंडल प्रशासन कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन कराने के लिए लगातार गश्‍त लगा रहा है।शेरघाटी थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस की गाड़ी देखते ही लोग इधर उधर भाग दौड़ करने लगे। इसी बीच एक ई रिक्शा से महिला को धक्का लगी जिसमें वह चोटिल हो गई। कुछ शरारती तत्वों ने मजमा लगाना शुरू कर दिया।

घर में ही अदा करें ईद की नमाज

एसडीओ उपेंद्र पंडित ने बताया कि महिला को चोट लगने से कुछ लोग हंगामा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार लॉक डाउन का अनुपालन सबको करना है। लॉकडाउन के दौरान कुछ लोग इसे नजरअंदाज करते हैं। ऐसे में पुलिस इस मामले में अपना काम कर रही है। पुलिस के देखते ही कई दुकान के सटर गिरने लगते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी अपील है कि सारे लोग लॉक डाउन का पालन करते हुए अपने घरों में रहे। उन्होंने कहा कि ईद त्यौहार के मौके पर सभी लोग अपने अपने घरों में नमाज अदा करेंगे। कोई भी ईदगाह या सार्वजनिक स्थल पर नमाज अदा नहीं होगी।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.