Bihar: गया में विधवा महिला की गला रेतकर हत्या, हत्यारे ने चेहरा भी काटा; साथ सोई मां-भतीजे को भनक तक नहीं लगी
Women Murder in Gaya गया में बुधवार की रात एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों को महिला की हत्या की जानकारी गुरुवार की सुबह लगी। सूचना पर डीएसपी गुलशन कुमार भी पहुंचे। वहीं टिकारी थाना मामले की जांच में जुटी है।
संवाद सहयोगी, टिकारी। गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के लाव गांव में बुधवार की रात एक विधवा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों को गुरुवार की सुबह वारदात की जानकारी लगी।
जानकारी के अनुसार, 45 साल की शांति देवी की बुधवार की रात निर्ममता से हत्या कर दी गई। शांति देवी के साथ उसकी मां और पांच साल का भतीजा भी सोया था लेकिन दोनों को हत्या की भनक तक नहीं लगी।
हत्यारे ने महिला के गले के साथ चेहरे को भी हथियार से काटा है। घटनास्थल पर खून पसरा मिला। परिजनों को भी हत्या की जानकारी गुरुवार सुबह लगी। मृतका शांति के पति के पहले ही मौत हो चुकी है।
परिजनों ने बताया कि महिला रात में अपने कमरे में सोई थी। परिजनों को सुबह जागने पर हत्या किए जाने का पता चला। परिजनों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी।
घटनास्थल पर थानाध्यक्ष श्रीराम चौधरी, पुलिस अधिकारी विजय कुमार, पंचायत के मुखिया आशुतोष कुमार मिश्रा पहुंचे। तब तक मौके पर ग्रामीणों की भी काफी भीड़ जुट गई।
सूचना पर डीएसपी गुलशन कुमार के नेतृत्व में पहुंची टिकारी थाना की पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। इसके साथ ही पुलिस हत्या के कारणों की पड़ताल के लिए परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ करने में जुटी है।