कोरोना के कारण रूकी शादी, थाने के मंदिर में हुआ संपन्न
-------------- संवाद सूत्र रजौली शुक्रवार को थाना परिसर के मंदिर में हुई शादी।
संवाद सूत्र, रजौली : शुक्रवार को थाना परिसर के मंदिर में स्वजातीय जोड़े ने शादी रचाई। कोरोना काल के कारण टली शादी को थाने परिसर स्थित मंदिर में ब्राह्मणों के द्वारा परिजनों के बीच संपन्न कराया गया।
बताया जाता है कि लड़का गया जिले के दराकचक निवासी कुलदीप मिस्त्री का 22 वर्षीय पुत्र सुबोध कुमार तथा लड़की सिरदला थाना क्षेत्र के बड़गांव निवासी भोला मिस्त्री की पुत्री अंजू कुमारी है। एक वर्ष पूर्व लड़की के पिता भोला मिस्त्री ने गया जिला निवासी कुलदीप मिस्त्री के बेटे सुबोध कुमार के साथ शादी तय कर दी थी। जिसमें उपहार स्वरूप 55 हजार रुपये नगद और एक हीरो कम्पनी का ग्लैमर बाइक के अलावा अन्य घरेलू सामग्री उपहार के रूप में दिया गया था। शादी की तारीख 1 मई को तय कर दी गई। परन्तु कोरोना महामारी के कारण शादी टल गई। शादी तय होने के बाद लड़का और लड़की आपस में फोन के माध्यम से बात करने लगे। इस बीच लड़का और लड़की ने जल्द से जल्द शादी करने का निर्णय लिया। शादी का अगुआ रहे रजौली के मसहई मोहल्ला निवासी महेंद्र मिस्त्री के घर शुक्रवार को लड़के और उसके पिता को बुलाया गया। लड़की पक्ष से लड़की और लड़की के पिता आए और अगुआ के घर ही दोनों ने मिलकर शादी का मन बना लिया। हालांकि लड़के के पिता ने बिना लग्न के होने वाली शादी का विरोध किया। परंतु लड़का और लड़की ने अपने मन की बात करने की ठानी और रजौली थाना परिसर मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर हिदू रीति रिवाज से शादी रचा ली। शादी के मौके पर लड़की के परिजन,लड़का का पिता एवं रजौली थाने के दर्जनों स्टाफ उपस्थित थे। इस शादी की चर्चा लोगों की जुबान पर है।