बोधगया में दो जगहों पर अर्घ्य देने की व्यवस्था
चैती छठ के मद्देनजर नगर पंचायत द्वारा दो जगहों पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है।
गया। चैती छठ के मद्देनजर नगर पंचायत द्वारा दो जगहों पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। इसमें मगध विश्वविद्यालय परिसर स्थित शिव मंदिर का तालाब और बोधगया का माया सरोवर शामिल है। दोनों सरोवरों की सफाई और समुचित प्रकाश की व्यवस्था की गई है। वहीं, बुधवार को बाजार क्षेत्र में फलों व पूजन सामग्री खरीदारी करने वालों की भीड़ देखी गई। निरंजना नदी में नगर पंचायत द्वारा चैती छठ को लेकर कुंड की खुदाई नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश है। लोगों की माने तो ग्रामीण क्षेत्र में व्रती अस्ताचल व उदचायल सूर्य को कुंआ पर अर्घ्य करने को विवश होंगे। नगर पंचायत सूत्र बताते हैं कि निरंजना नदी का जलस्तर काफी गिर गया है। 20 फीट खुदाई पर भी पानी नहीं मिल रहा। ऐसे में कुंड की खुदाई सभी वार्डो में संभव नहीं था। साथ ही अधिक गढ़ा वाला कुंड होने पर व्रतियों को परेशानी होती।