बिहार के इस जिले से वियतनाम के लिए होगी डायरेक्ट फ्लाइट
वियतनाम के राष्ट्रपति त्रान दाई क्वांग ने बिहार के बोधगया में बड़ा एलान किया। : उन्होंने कहा कि वियतनाम और बुद्धभूमि बोधगया हवाई मार्ग से जोड़े जाएंगे।
गया [जेएनएन]। वियतनाम के राष्ट्रपति त्रान दाई क्वांग बुद्धभूमि बोधगया में महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध को नमन किया और पवित्र बोधिवृक्ष के समक्ष आयोजित विश्वशांति के निमित सूत्त पाठ में शामिल हुए। राष्ट्रपति क्वांग ने कहा कि वियतनाम और बोधगया अब शीघ्र ही हवाई मार्ग से जुड़ जाएंगे। इस दौरान उन्होंने अपने साथ रहे वियतनाम मंदिर के प्रभारी डॉ. लाम से अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि बोधिवृक्ष की छांव में शांति की अनुभूति हुई।
महाबोधि मंदिर परिभ्रमण के पश्चात एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रपति क्वांग के साथ आए मंत्रीगण व बिहार के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। राष्ट्रपति क्वांग ने कहा कि भारत व वियतनाम के रिश्ते दिनोंदिन प्रगाढ़ हो रहे हैं। वियतनाम और बोधगया अब शीघ्र ही हवाई मार्ग से जुड़ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार में पर्यटन के क्षेत्र में निवेश करने की इच्छा वहां के उद्योगपतियों की है। कृषि मामले में वियतनाम काफी उन्नत है। उन्होंने कहा कि अगर यहां से कृषि क्षेत्र में अध्ययन करने हेतु कोई दल वहां जाएगा तो उसका स्वागत किया जाएगा।
बैठक में कृषि मंत्री डॉ. कुमार सरकार द्वारा बौद्ध परिपथ के विकास के साथ पर्यटकों को प्रदत्त सुविधाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि वियतनाम के उद्योगपति अगर बिहार में विनियोग करने को इच्छुक हैं तो राज्य सरकार उन्हें जमीन मुहैया कराएगी।