डायट के खाली पड़े हास्टल में शराब पार्टी करते दो गिरफ्तार, अन्य चार पूछताछ के बाद मुक्त
पुलिस ने शुक्रवार की देर रात जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय परिसर में बने हास्टल में छापेमारी कर शराब के नशे में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में फजलगंज निवासी हरेन्द्र सिंह और संजय कुमार बताए जा रहे हैं। दोनों व्यक्ति का शिक्षा विभाग से संबंध नहीं है।
जागरण संवाददाता, सासाराम : रोहतास। पुलिस ने शुक्रवार की देर रात जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय परिसर में बने हास्टल में छापेमारी कर शराब के नशे में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में फजलगंज निवासी हरेन्द्र सिंह और संजय कुमार बताए जा रहे हैं। हालांकि उक्त दोनों व्यक्ति का शिक्षा विभाग से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने इनके अलावा अन्य चार लोगों को हिरासत में लेकर थाना लाई थी, लेकिन अन्य के शराब का सेवन नहीं करने की पुष्टि होने के कारण उनको छोड़ दिया गया।
पुलिस को मिली थी सूचना
सासाराम नगर थाना के सब इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली की उक्त दोनों लोग कार्यालय परिसर के खाली पड़े हास्टल में बैठकर शराब पार्टी कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एक लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। उक्त दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। हालांकि कोरोना को देखते हुए वर्तमान में एक भी बच्चे नहीं रह रहे है। आसपास के लोगों की मानें तो कार्यालय परिसर में रात्रि प्रहरी के नहीं रहने से हर रोज यहां पर देर रात असामाजिक तत्व के लोगों का जमावड़ा लगता है। ये लोग हर रोज यहां पर नशा करने के लिए इकठ्ठा होते हैं।
शराब बरामद, चार गिरफ्तार
सासाराम : रोहतास। पुलिस ने शनिवार को अलग अलग थाना क्षेत्रों से छापेमारी कर 56 लीटर देसी व 51 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 37 सौ लीटर महुआ पास नष्ट किया गया है। जानकारी देते हुए एसपी आशीष भारती ने बताया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा की जिले में पूर्ण शराबबंदी को ले लगातार अभियान चलाया जा रहा है।