भभुआ में श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा ट्रैक्टर पलटा, एक बच्चे की मौत, आधा दर्जन लोग घायल
भभुआ में श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर शुक्रवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में एक बच्चे की मौत हो गई। आधा दर्जन लोग घायल हो गए। ये सभी लोग धरती माता मंदिर जा रहे थे।
जेएनएन, भभुआ। दो दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं को लेकर शुक्रवार की सुबह अधौरा थाना क्षेत्र के धरती माता मंदिर जा रहा एक ट्रैक्टर पलट गया। इसकी ट्रॉली के नीचे दब जाने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतक की पहचान बिदुरी गांव के विमल यादव के पुत्र विशाल यादव के रूप में की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि श्रद्धालुओं से लदा ट्रैक्टर मूर्तिया नामक स्थान पर भभुआ की ओर से आ रही बोलेरो को बचाने के दौरान मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना के बाद चीखपुकार मच गई। लोग दौड़े। तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। अन्य लोग घायल होकर कराह रहे थे। सभी घायलों को भभुआ की ओर जा रही यात्री बस से सदर अस्पताल भेज दिया गया।