बिहार में हादसे ने ली तीन लोगों की जान, यूपी से भभुआ आए थे पूजा करने
बिहार में सड़क हादसे थम नहीं रहे हैं। बसंत पंचमी भी इससे अछूती नहीं रही। रविवार की देर रात बिहार के भभुआ में सड़क हादसे में तीन लोगों की र्मौत हो गई।
भभुआ [जेएनएन]। बिहार में सड़क हादसे थम नहीं रहे हैं। बसंत पंचमी भी इससे अछूती नहीं रही। रविवार की देर रात बिहार के भभुआ में सड़क हादसे में तीन लोगों की र्मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं व एक पुरुष हैं। हादसा अधौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ओखडगाडा में हुआ है। घटना के बाद वहां पर अफरातफरी मच गई है।
बताया जाता है कि सभी मृतक उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला के करमा थाना क्षेत्र के मगरदाहा गांव निवासी थे। हादसे में एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए हैं। उन सभी को भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोनभद्र से लगभग दो दर्जन श्रद्धालु ट्रैक्टर से रोहतास जिले में गुप्ता धाम दर्शन के लिए आए थे। रविवार को वे अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। तीनों शव अधौरा थाने लाए गए हैं, जहां से शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
उधर घायल श्रद्धालुओं में शिवनारायण कुमार, जय कपूर, दीपक बैगा, गीता देवी, अशोक बैगा, पार्वती देवी आदि का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ प्रदीप झा सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मोड़ पर ट्रैक्टर पलट गया। चालक उसे घुमाना चाह रहा था, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया।