Move to Jagran APP

प्रकाशोत्‍सव: रोहतास के गुरुद्वारा में तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू, शबद-कीर्तन से निहाल हो रहे श्रद्धालु

रोहतास में गुरु गोविंद सिंह जयंती पर प्रकाशोत्‍सव का तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू हो गया है। बुधवार रात विशेष दीवान कार्यक्रम से इसकी शुरुआत हुई। इसमें डीएम धर्मेंद्र कुमार भी शामिल हुए। उन्‍हें गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सम्‍मानित किया गया।

By Vyas ChandraEdited By: Published: Thu, 21 Jan 2021 10:05 AM (IST)Updated: Thu, 21 Jan 2021 10:05 AM (IST)
प्रकाशोत्‍सव: रोहतास के गुरुद्वारा में तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू, शबद-कीर्तन से निहाल हो रहे श्रद्धालु
प्रकाशोत्‍सव पर रंगबिरंगी रोशनी से नहाया गुरुद्वारा। जागरण

जागरण संवाददाता,सासाराम (रोहतास)। गुरू गोविंद सिंह के 354 वें पावन प्रकाशोत्सव पर शहर के चाचा फग्गुमल, नानक दरबार गुरुद्वारा, प्राचीन गुरु के बाग, टकसाल संघत, नई संघत व पुरानी संगत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रकाशोत्‍सव को लेकर माहौल भक्तिमय हो गया है। गुरुवाणी अौर भजनों से गुरुद्वारा गूंज रहे हैं। शबद कीर्तन से श्रद्धालु निहाल हो रहे हैं। बड़ी संख्‍या में महिलाएं भी आयोजन में शामिल रहीं।

loksabha election banner

तीन दिवसीय कार्यक्रम का किया जा रहा आयोजन

तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत गुरुवाणी व गुरु के संदेश प्रचारित किए जा रहे हैं। गुरुवार को लंगर का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय गुरुद्वारा टकसाल संगत में बुधवार रात को विशेष दीवान का आयोजन किया गया। इसमें अमृतसर (पंजाब) के हरजीत सिंघ, अमरजीत सिंह, सक्तर सिंह व स्थानीय हुजरी रागी जत्था परमजीत सिंह ने शबद कीर्तन किया। गुरु की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके उपदेश सुनाए। मौके पर सिखों के साथ ही अन्‍य समुदाय के लोग भी इसमें शामिल हुए।

शहर में कल निकलेगी विशाल शोभायात्रा

गुरुद्वारा के प्रधान सरदार मानिक सिंह ने बताया कि प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार को शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। पंज प्‍यारे की अगुवाई में यह शोभायात्रा निकलेगी। इसको लेकर उत्‍साह का माहौल है। इसमें दशमेश गतका अखाड़ा यमुनानगर यूपी, संत करतार पाइप बैंड पटियाला लुधियाना व गुरुवाणी गायक शामिल होंगे। इसकी तैयारी की जा रही है।

(सिरोपा और प्रतीक चिह्न के साथ डीएम धर्मेंद्र कुमार।)

रोहतास के डीएम हुए दीवान में शामिल

गुरुद्वारा टकसाल संगत में आयोजित विशेष दीवान कार्यक्रम में डीएम धर्मेंद्र कुमार भी शामिल हुए। उन्‍होंने मत्‍था टेककर गुरु का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्‍हें गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सिरोपा और प्रतीक चिह्न देकर सम्‍मानित भी किया गया। गुरुपर्व को ले गुरुद्वारा को फूल और रोशनी से आर्कषक तरीके से सजाया गया था।  विशेष दीवान में एसडीएम मनोज कुमार, एएसपी अरविंद प्रताप सिंह समेत कई गणमान्‍य लोग शामिल हुए। देर रात तक गुरुद्वारा में चहल-पहल रही। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.