इस साल अप्रैल में ही सताने लगी गर्मी, नवादा में 40 तक पहुंच रहा दिन का पारा, अभी राहत के आसार नहीं
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष मौसम अधिक गर्म हो गया है। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तो न्यूनतम 22 डिग्री रह रहा है। मौसम अभी और गर्म होने की संभावना है। फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं।
नवादा, संवाद सहयोगी। इस साल अप्रैल महीने में ही मौसम के तेवर तीखे हैं। भीषण गर्मी से लोग जूझ रहे हैं। लोगों को इस बात की चिंता सताने लगी है कि अप्रैल ही आग उगल रहा तो आने वाले महीनों में क्या हाल होगा। फिलहाल अधिकतम तापमान 40 डिग्री तो न्यूनतम 22 डिग्री रह रहा है। आने वाले कुछ दिनों में अधिकतम पारा 43 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। वर्ष 2020 में अप्रैल महीने की बात करें तो उस समय अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा था। लेकिन पिछले साल की तुलना में इस साल तापमान अधिक रह रहा है। पिछले साल के मुकाबले अप्रैल महीने में तीन डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। भीषण गर्मी के चलते लोगों के हलक सूख रहे हैं। धूप में पैदल चलना लोगों के लिए पहाड़ साबित हो रहा है। थोड़ी दूर पैदल चलने पर प्यास सताने लगती है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।
गर्मी से बचने के लिए करें ये उपाय
भीषण गर्मी से बचने के लिए लगातार पानी का सेवन करते रहें। ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी आदि का उपयोग करें। हल्के वजन व हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। यदि घर से बाहर निकल रहे हों तो सिर को ढककर निकलें। टोपी, छाता आदि का प्रयोग करें। आंखों की सुरक्षा के लिए धूप चश्मे का उपयोग करें। त्वचा की सुरक्षा के लिए सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें। जितना संभव हो सके, धूप में बाहर जाने से परहेज करें, खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक। दोपहर में कड़ी मेहनत वाली गतिविधियों से बचें। नंगे पांव न घूमें। केवीके सेखोदेवरा के मौसम विज्ञानी रोशन कुमार कहते हैं कि पिछले साल की तुलना में इस साल अधिक गर्मी रहने की संभावना है। गर्म हवाएं बह रही है। मौसम पर जलवायु परिवर्तन का असर देखने को मिल रहा है।
जिले में मौसम का पूर्वानुमान
8 अप्रैल-41 डिग्री. से.
9 अप्रैल-40 डिग्री. से.
10 अप्रैल-41 डिग्री. से.
11 अप्रैल- 41 डिग्री. से.
12 अप्रैल- 41 डिग्री. से.
13 अप्रैल-43 डिग्री. से.